Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के जिला उपाध्यक्ष एवं पश्चिम विधानसभा के पूर्व विधायक प्रतिनिधि अंसार खान शनिवार को जवाहर नगर रोड नंबर 13ए स्थित बस्ती पहुंचे। यह दौरा उन्होंने बस्तीवासियों के बुलावे पर किया, जहां लोगों ने उन्हें सड़क और नाले की बदहाल स्थिति दिखाई।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि हल्की बारिश में ही नालियों का पानी घरों में घुस जाता है। हाल की बारिश में तो बच्चों की किताबें तक घरों के अंदर पानी में बहने लगीं। लोगों की नाराज़गी और परेशानी को सुनते हुए अंसार खान ने भरोसा दिलाया कि बहुत जल्द इस बस्ती की नाली का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को पहले ही मानगो नगर निगम को लिखित रूप में अवगत कराया गया है और आगामी सोमवार को निगम के विशेष पदाधिकारी से मिलकर फिर से इस समस्या को प्रमुखता से रखा जाएगा।

इसके साथ ही अंसार खान ने बस्तीवासियों से अपील की कि वे कल 25 मई को साकची में आयोजित “संविधान बचाओ रैली” में दोपहर 2:30 बजे शामिल हों। सभी बस्तीवासियों ने उन्हें भरोसा दिलाया कि वे ऑटो से रैली स्थल पहुंचकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।










