घाटशिला : केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने मंगलवार को घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के गालूडीह और धालभूमगढ़ में आयोजित पंचायत स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलनों में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। सम्मेलन में उमड़ा कार्यकर्ताओं का उत्साह इस बात का संकेत दे रहा था कि इस बार घाटशिला में कमल खिलना तय है।
अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने केंद्र की मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और महिला सशक्तिकरण के लिए किए गए ऐतिहासिक प्रयासों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का नया अवसर मिला है।
उन्होंने कहा, “कमल का फूल केवल एक चुनावी निशान नहीं, यह विकास, विश्वास और महिलाओं के सम्मान का प्रतीक है। उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, पीएम आवास योजना और मातृ वंदना योजना जैसी योजनाओं ने करोड़ों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।”
अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि मोदी जी को देश की माताओं और बहनों का आशीर्वाद इसलिए मिलता रहा है क्योंकि उन्होंने महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए पूरी निष्ठा से कार्य किया है।
इस अवसर पर हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि घाटशिला में बाहरी मुस्लिम महिलाओं के नाम को मइया सम्मान योजना से जोड़ दिया गया है, जिससे स्थानीय महिलाओं का हक मारा जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि घाटशिला में बांग्लादेशी घुसपैठियों की बढ़ती आबादी चिंताजनक है, और इस चुनौती से निपटने की क्षमता केवल भाजपा में है।
कार्यक्रम के अंत में सभी नेताओं ने घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की।
इस मौके पर पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई, विधायक शत्रुघन महतो, भाजपा के जिला एवं मंडल पदाधिकारी, बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।









