हार के डर से प्रत्याशी घोषित नहीं कर रही झामुमो — अनिल मोदी

SHARE:

Jamshedpur : जुगसलाई नगर परिषद चुनाव को लेकर सत्तारूढ़ दल झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) द्वारा अब तक अध्यक्ष पद के प्रत्याशी की घोषणा नहीं किए जाने पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखा हमला बोला है। भाजपा जिला महामंत्री अनिल मोदी ने कहा कि झामुमो की यह चुप्पी इस बात का स्पष्ट संकेत है कि पार्टी ने जुगसलाई में अपनी करारी हार पहले ही स्वीकार कर ली है।

सोमवार को जारी बयान में अनिल मोदी ने कहा कि झामुमो की स्थिति इतनी कमजोर हो चुकी है कि उसे यह तक समझ नहीं आ रहा कि जनता के सामने किस चेहरे को उतारा जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जुगसलाई की जनता विकास के नाम पर झामुमो की वर्षों की विफलताओं को भली-भांति देख चुकी है, इसी डर से पार्टी प्रत्याशी घोषित करने से कतरा रही है।

अनिल मोदी ने कहा कि झामुमो के एजेंडे में जुगसलाई का विकास कभी प्राथमिकता में रहा ही नहीं। सत्ता में रहते हुए पार्टी ने क्षेत्र को केवल वोट बैंक की राजनीति तक सीमित रखा। उन्होंने आरोप लगाया कि आज जुगसलाई की सड़कों की हालत बदहाल है, जलजमाव आम समस्या बन चुका है, स्वच्छता व्यवस्था चरमरा गई है और आम नागरिक बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान है।

उन्होंने यह भी कहा कि अपनी संभावित पराजय को भांपते हुए झामुमो अब विकास की राजनीति छोड़कर मजहब और तुष्टिकरण की राजनीति पर उतर आई है, लेकिन जुगसलाई की जागरूक जनता अब किसी भी बहकावे में आने वाली नहीं है। जनता ने यह तय कर लिया है कि इस बार वोट विकास के नाम पर पड़ेगा, तुष्टिकरण के नाम पर नहीं।

अनिल मोदी ने विश्वास जताया कि जुगसलाई की प्रबुद्ध जनता इस चुनाव में झामुमो को करारा जवाब देगी और नगर परिषद में भाजपा समर्थित अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रिंकू सिंह सहित सभी भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को भारी बहुमत से विजयी बनाकर अपना आशीर्वाद देगी।

Leave a Comment