सड़क निर्माण में अनियमितता के खिलाफ भालुडुंगरी में उबाल, प्रशासनिक आश्वासन पर खुला जाम

SHARE:

Anandpur:सड़क निर्माण में बरती जा रही घोर अनियमितताओं और उड़ती धूल से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा बुधवार को भालुडुंगरी चौक पर फूट पड़ा। आनंदपुर प्रखंड अंतर्गत कोलेबिरा–आनंदपुर–मनोहरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों ने सड़क जाम कर धरना-प्रदर्शन किया। इस आंदोलन का नेतृत्व भाजपा नेत्री सह पश्चिम सिंहभूम जिला भाजपा मंत्री सुशीला टोप्पो ने किया।
सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भालुडुंगरी चौक पर एकत्र होने लगे और करीब एक घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह जाम रहा। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर प्रखंड अधिकारी रविन्द्र शुक्ला को दंडाधिकारी के रूप में तैनात किया, जबकि थाना प्रभारी प्रिंस झा पुलिस बल के साथ कानून-व्यवस्था संभालते नजर आए।
धरना-प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण के दौरान मानकों की अनदेखी की जा रही है और नियमित पानी का छिड़काव नहीं होने से धूल के गुबार में लोगों का जीना मुहाल हो गया है। बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
जाम समाप्त कराने के प्रयास में निर्माण कार्य से जुड़ी भीकेएस ठेका कंपनी के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से बातचीत के बाद कंपनी ने तीन दिनों के भीतर चार अतिरिक्त पानी टैंकर लगाने तथा सुबह, दोपहर और शाम नियमित पानी छिड़काव का लिखित आश्वासन दिया।
कंपनी के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया। इस मौके पर सुशीला टोप्पो ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा,
“यदि तय समय सीमा के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो फिर से सड़क जाम किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी ठेका कंपनी और प्रशासन की होगी।”
धरना-प्रदर्शन में आनंदपुर प्रखंड अध्यक्ष उमेश रवानी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष किशोर डागा, अजय थाबेडिया, राम कृपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
फिलहाल प्रशासन और कंपनी के आश्वासन के बाद स्थिति सामान्य हो गई है, लेकिन ग्रामीणों की नजर अब तय समय सीमा पर टिकी हुई है।

Leave a Comment