मंगलम सिटी में भीषण आग: गरीब परिवार का आशियाना जलकर खाक

SHARE:

Adityapur:आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगलम सिटी की ओर जाने वाले सर्विस रोड किनारे बुधवार सुबह करीब 10 बजे एक घर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते एक गरीब परिवार का आशियाना जलकर खाक हो गया।

पीड़िता मोनिका गोप ने बताया कि वह अपने पति के साथ कुछ देर के लिए पीने का पानी लाने गई थीं। इसी दौरान अज्ञात उपद्रवियों ने कथित रूप से आगजनी की घटना को अंजाम दिया। परिवार कचरा चुनकर जीवन यापन करता है और उनके पास सीमित संसाधन थे, जो इस आग में पूरी तरह नष्ट हो गए।

स्थानीय लोगों की तत्परता से बची बड़ी अनहोनी
आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक घर में रखा सारा सामान जल चुका था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।
प्रशासन से मदद की गुहार

मोनिका गोप ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है।

प्रशासन की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों ने भी पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दिलाने की मांग उठाई है।

Leave a Comment