Adityapur : आदित्यपुर स्थित केसरी गैस सर्विस एजेंसी में गैस सिलेंडर वितरण में भारी लापरवाही और कथित धांधली की खबर सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। स्थानीय अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) Abhinav Prakash ने बुधवार को दल-बल के साथ एजेंसी के मुख्य गोदाम और कार्यालय का औचक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान अधिकारियों ने स्टॉक, सप्लाई चेन और वितरण रजिस्टर की गहन पड़ताल की। बताया गया कि एक दिन पहले वितरित किए गए गैस सिलेंडरों की आधिकारिक डिस्ट्रीब्यूशन स्लिप प्रस्तुत नहीं की जा सकी। इस पर एसडीओ ने कड़े तेवर अपनाते हुए एजेंसी संचालक और प्रबंधकों को मौके पर ही फटकार लगाई।
200 से अधिक उपभोक्ता रहे परेशान
मंगलवार को एजेंसी के बाहर हंगामे की स्थिति थी। करीब 200 से अधिक गरीब और मध्यमवर्गीय उपभोक्ता सुबह से खाली सिलेंडर लेकर कतार में खड़े रहे। उपभोक्ताओं का आरोप था कि ऑनलाइन बुकिंग और मोबाइल पर डीएससी नंबर मिलने के बावजूद उन्हें गैस नहीं दी जा रही थी। कुछ उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि रात के समय सिलेंडरों से लदा ट्रक गायब कर दिया गया और घरेलू गैस की कालाबाजारी की गई।
दो-तीन दिनों में स्लिप दिखाने का अल्टीमेटम
एसडीओ अभिनव प्रकाश ने मीडिया से बातचीत में कहा कि एजेंसी प्रबंधन को दो से तीन दिनों के भीतर सभी डिस्ट्रीब्यूशन स्लिप प्रस्तुत करने का सख्त निर्देश दिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि तय समय में दस्तावेज नहीं देने पर एजेंसी का लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उपभोक्ताओं ने की उच्च स्तरीय ऑडिट की मांग
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद स्थानीय उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली है। हालांकि उन्होंने मांग की है कि केवल नोटिस देकर मामला शांत न किया जाए, बल्कि पिछले एक सप्ताह के पूरे स्टॉक रजिस्टर की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, ताकि किसी भी संभावित कालाबाजारी का खुलासा हो सके।
उपभोक्ताओं ने यह भी मांग की है कि गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी व्यवस्था को तत्काल सुचारु किया जाए, ताकि भविष्य में किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े।









