Adityapur:छठ पर्व की तैयारी को लेकर जिला प्रशासन ने आदित्यपुर में सक्रियता दिखाई। उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने जय प्रकाश उद्यान घाट, नगीनापुरी घाट और 32 नंबर घाट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान लाइटिंग, सफाई, विधि व्यवस्था और छठ व्रतियों के आने-जाने के मार्गों की जांच की गई। उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने कहा कि छठ व्रतियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन हर छोटी-छोटी चीज़ पर ध्यान दे रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि छठ पर्व शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से मनाया जा सके।
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने बताया कि पर्व के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के आने की उम्मीद है, इसलिए सुरक्षा और विधि व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।
नगर निगम द्वारा सफाई, लाइटिंग और अन्य आवश्यक तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया गया है। उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने नगर निगम की तैयारियों की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान आदित्यपुर नगर निगम प्रशासक रवि प्रकाश, उप नगर आयुक्त पारुल सिंह, कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष सह अधिवक्ता ओमप्रकाश और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे।









