Jamshedpur : बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी में अनियमित जलापूर्ति को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। रविवार को पानी खोलने के निर्धारित समय को लेकर मुखिया और पंप ऑपरेटर के बीच शुरू हुआ विवाद सोमवार सुबह हंगामे में तब्दील हो गया। आक्रोशित कॉलोनीवासी बागबेड़ा स्थित फिल्टर पंप हाउस पहुंच गए। वहां ऑपरेटर राम सिंह और मुखिया राजकुमार गौड़ के बीच जमकर आरोप-प्रत्यारोप हुए। इस दौरान स्थानीय लोगों ने जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार और पानी सप्लाई का निश्चित समय निर्धारित करने की मांग उठाई।
जानकारी के अनुसार, रविवार को ऑपरेटर राम सिंह ने शाम तीन बजे पंप चालू कर सुबह एवं शाम दोनों समय पानी लेने वाले उपभोक्ताओं के लिए जलापूर्ति शुरू कर दी थी। उनका कहना था कि फिल्टर पंप हाउस में पानी भर चुका था और पंचायत प्रतिनिधियों की ओर से भी तीन बजे पानी सप्लाई करने की सूचना दी गई थी। वहीं, मुखिया राजकुमार गौड़ ने उन्हें शाम चार बजे पंप चालू करने का निर्देश दिया था। इसी समय को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
ऑपरेटर राम सिंह का आरोप है कि पानी खोलने के बाद मुखिया ने फोन पर उनके साथ बदसलूकी की। साथ ही घर खाली करने, अगले दिन से काम पर नहीं आने और पंप हाउस की चाबी सौंपने की बात कही। राम सिंह के अनुसार, बिष्टुपुर स्थित फिल्टर पंप हाउस से पानी की आपूर्ति शुरू हो चुकी थी। ऐसे में यदि समय पर पंप चालू नहीं किया जाता तो पंप हाउस में पानी ओवरफ्लो होकर बहने लगता। इसी कारण उन्होंने निर्धारित समय से पहले तीन बजे ही पानी खोल दिया।
ऑपरेटर ने पिछले चार वर्षों से वेतन भुगतान नहीं होने का भी गंभीर आरोप लगाया। उनका कहना है कि चार वर्षों के दौरान उन्हें वेतन के रूप में महज 72 हजार रुपये मिले हैं, जबकि लाखों रुपये अब भी बकाया हैं।
इधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि बागबेड़ा कॉलोनी में दो पंचायतें हैं और दोनों में ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति गठित है। ऐसे में जलापूर्ति जैसे महत्वपूर्ण विषय पर किसी एक व्यक्ति द्वारा अकेले निर्णय लेने के बजाय समिति की बैठक में आपसी सहमति से समय निर्धारित किया जाना चाहिए। इससे पंचायत प्रतिनिधियों और ऑपरेटर के बीच बेहतर समन्वय बनेगा तथा आम लोगों को पानी के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।
विवाद के बाद पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के आग्रह पर ऑपरेटर राम सिंह ने सोमवार को जलापूर्ति के लिए पंप चालू किया। इसके तहत सुबह वाली बेला का पानी दोपहर 12 बजे और शाम वाली बेला का पानी शाम चार बजे खोलकर सुबह एवं शाम दोनों समय पानी लेने वाले उपभोक्ताओं को आपूर्ति की गई।
गौरतलब है कि बागबेड़ा कॉलोनी में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग को लेकर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, श्रवण मिश्रा और मुखिया प्रतिनिधि केडी मुंडा हाल ही में पीएचईडी विभाग के कार्यपालक अभियंता एसके दिनकर से मिलकर मांग पत्र सौंप चुके हैं।
फिल्टर पंप हाउस में हुए हंगामे के बाद अब कॉलोनीवासियों की नजर पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित विभाग पर टिकी है। लोगों की मांग है कि आपसी समन्वय से विवाद का स्थायी समाधान निकाला जाए और नियमित समय-सारणी के अनुसार स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
















