Jamshedpur : केरला समाजम मॉडल स्कूल (केएसएमएस) में सोमवार को ‘केयरिंग कम्पैनियंस’ परियोजना का समापन समारोह आयोजित किया गया। शहर में अपनी तरह की पहली पहल के तहत कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने तीन शिक्षकों के मार्गदर्शन में वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और देखभाल की भावना विकसित करने का प्रयास किया।
परियोजना का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और उन्हें भावनात्मक सहयोग एवं आत्मीय साथ का एहसास कराना था। इस पहल की परिकल्पना स्कूल की एकेडमिक डायरेक्टर नंदिनी शुक्ला ने की थी। इसे स्कूल प्रबंधन और प्राचार्य का भी सहयोग मिला।
समापन समारोह में स्कूल के चेयरमैन टीके सुकुमारन सहित शिक्षकगण मौजूद रहे। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने परिवार के वरिष्ठ सदस्यों और अन्य बुजुर्गों को भी आमंत्रित किया। कार्यक्रम में बुजुर्गों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। क्विज प्रतियोगिता, नृत्य और गीत-संगीत की प्रस्तुतियों ने समारोह को खास बना दिया।
आयोजकों ने बताया कि इस परियोजना के माध्यम से विद्यार्थियों को बुजुर्गों की जरूरतों, उनकी भावनाओं और सामाजिक सहभागिता के प्रति संवेदनशील बनाने का प्रयास किया गया। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए साइबर सुरक्षा से जुड़ी आवश्यक जानकारियां देने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से युवा पीढ़ी और वरिष्ठ नागरिकों के बीच संवाद, सम्मान और आपसी जुड़ाव को मजबूत करने का संदेश दिया गया। उत्साहपूर्ण और आत्मीय माहौल में समारोह का समापन हुआ।
















