Jadugoda : नरवा पहाड़ स्थित गुरा नदी पुलिया पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। मुसाबनी नंबर दो निवासी 22 वर्षीय अभिषेक रहमान ने कथित तौर पर नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही जादूगोड़ा थाना प्रभारी ईश्वर दयाल मुंडा सशस्त्र बलों के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से युवक की तलाश की गई, लेकिन करीब 20 फीट गहरी नदी में स्थानीय गोताखोरों को सफलता नहीं मिली। अब शव की तलाश के लिए जमशेदपुर से गोताखोरों को बुलाया गया है।
प्रत्यक्षदर्शी एवं यूसिल कर्मी बी. गोराई के अनुसार, घटना के समय एक मोटरसाइकिल पर सवार पति-पत्नी नरवा पुलिया के पास खड़े थे। उनकी संदिग्ध गतिविधियों को देखकर वह वहां रुक गए। इसी दौरान अभिषेक रहमान ने अचानक नदी में छलांग लगा दी। उनके साथ मौजूद पत्नी अफसाना परवीन ने भी नदी में कूदने का प्रयास किया, लेकिन बी. गोराई ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें समझा-बुझाकर रोक लिया। इससे उनकी जान बच गई।
बताया जाता है कि नरवा पहाड़ यूरेनियम प्रोजेक्ट के मैकेनिकल विभाग में कार्यरत बी. गोराई उस समय यूसिल कॉलोनी से घाटशिला जा रहे थे। रास्ते में पुलिया के पास उनकी नजर पति-पत्नी पर पड़ी। घटना को भांपते हुए उन्होंने तत्काल हस्तक्षेप किया। अभिषेक के नदी में छलांग लगाने के बाद उनकी पत्नी भी कूदने की तैयारी में थीं। बी. गोराई ने किसी तरह उन्हें समझाकर शांत किया और नदी में कूदने से रोक लिया।
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, अभिषेक रहमान द्वारा नदी में छलांग लगाने के पीछे की वास्तविक वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नरवा पुलिया पर सुरक्षा के मद्देनजर जाली लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि पुलिया पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था होने से भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने में मदद मिल सकती है।

















