हाथी के हमले में मृत चार लोगों के परिजनों को 16 लाख का मुआवजा, पांच घायलों को भी मिली सहायता राशि

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : जिले के चांडिल वन क्षेत्र में हाथियों के हमले से प्रभावित परिवारों को वन विभाग की ओर से मुआवजा राशि का चेक सौंपा गया। चांडिल वन क्षेत्र पदाधिकारी कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में दलमा वन्यजीव अभयारण्य के डीएफओ सवा आलम अंसारी, चांडिल रेंजर सुरेंद्र गोप और ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने संयुक्त रूप से मृतकों के परिजनों एवं घायलों को सहायता राशि प्रदान की।

चांडिल रेंज के अंतर्गत ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में हाथी के हमले में मारे गए चार लोगों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की दर से कुल 16 लाख रुपये की मुआवजा राशि दी गई। वहीं, पांच घायलों को कुल 3 लाख 75 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा गया।

मृतकों में सापारूम की राधा तांती, हरत की अमिता बाला और चैना देवी तथा कुकरू के मुनिराम गोराई शामिल हैं। इनके परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि दी गई।

वहीं, घायलों में चेलियामा के राजेंद्र गोराई को डेढ़ लाख रुपये, हुंडरू के कोकिल सिंह को 25 हजार रुपये, आदारडीह के अमूल्य महतो को डेढ़ लाख रुपये तथा हरत के मोहन लाल महतो और शांतुला महतो को 25-25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।

हाथी प्रभावित ग्रामीणों के बीच सोलर लैंप का वितरण

हाथी प्रभावित क्षेत्रों में ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग की ओर से सोलर लैंप का भी वितरण किया गया। बताया गया कि हरत गांव हाथियों के हमले से सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में रहा है। 25 अप्रैल 2026 को इसी गांव में हाथी के हमले में दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए थे।

इस अवसर पर वन विभाग ने ग्रामीणों से हाथियों की गतिविधियों को लेकर सतर्क रहने और विभाग की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की, ताकि मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं को कम किया जा सके।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें