आय से अधिक संपत्ति मामले में जलपथ प्रमंडल के पूर्व कार्यपालक अभियंता गिरफ्तार

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी), जमशेदपुर ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में कार्रवाई करते हुए जलपथ प्रमंडल, चक्रधरपुर (चाईबासा) के तत्कालीन कार्यपालक अभियंता शैलेन्द्र कुमार मंडल (69 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। एसीबी ने उन्हें 18 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ वर्ष 2019 में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की जांच में प्रत्यानुपातिक धनार्जन (Disproportionate Assets-D.A.) का आरोप सत्य पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।

2019 में दर्ज हुई थी प्राथमिकी

एसीबी से मिली जानकारी के अनुसार, शैलेन्द्र कुमार मंडल के विरुद्ध भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, जमशेदपुर थाना कांड संख्या 07/2019 के तहत 12 जुलाई 2019 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। उस समय वे जलपथ प्रमंडल, चक्रधरपुर, चाईबासा में कार्यपालक अभियंता के पद पर पदस्थापित थे। उन पर आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप था।

इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(2) के साथ धारा 13(1)(ई) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। बाद में भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 के प्रावधानों के अनुरूप धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत भी मामला दर्ज किया गया।

जांच में प्रत्यानुपातिक धनार्जन का आरोप सत्य पाया गया

एसीबी के अनुसार, जांच के दौरान तत्कालीन कार्यपालक अभियंता की आय के ज्ञात स्रोतों और अर्जित संपत्ति का आकलन किया गया। इसमें आय की तुलना में अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला सत्य पाया गया। इसके बाद ब्यूरो ने 18 नवंबर को कार्रवाई करते हुए शैलेन्द्र कुमार मंडल को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद एसीबी की ओर से उनके विरुद्ध विधिसम्मत अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। सरकारी पद पर रहते हुए आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप से जुड़े इस मामले में गिरफ्तारी को महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें