धालभूमगढ़ में फाइनेंस कंपनी के एजेंट से 80 हजार की लूट का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र में भारत फाइनेंस कंपनी के एजेंट से हुई 80 हजार रुपये की लूट का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो आरोपियों सेनापति बेरा और नौशाद अंसारी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गए 80 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, एक टैबलेट और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (JH05AR6727) बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर 2026 को धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र के गोगलो जाने वाले रास्ते में दो अज्ञात अपराधियों ने भारत फाइनेंस कंपनी के एजेंट को निशाना बनाया था। मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने एजेंट से 80 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और एक टैबलेट लूट लिया था। घटना के बाद धालभूमगढ़ थाना में कांड संख्या 33/2026, दिनांक 17 नवंबर 2026 को बीएनएस की धारा 309(3)/3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

एसएसपी के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान की। मोटरसाइकिल नौशाद अंसारी (39), निवासी ग्राम पोखरिया, थाना बोड़ाम, पूर्वी सिंहभूम के नाम पर पंजीकृत पाई गई।

इसके बाद पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच की। जांच में घटना के समय मोबाइल की लोकेशन घटनास्थल के आसपास मिलने की बात सामने आई। तकनीकी शाखा के सहयोग से पुलिस ने मोबाइल की लगातार निगरानी की।

केरुकोचा के पास छापेमारी कर दोनों गिरफ्तार

इसी क्रम में 18 नवंबर की शाम धालभूमगढ़ पुलिस ने श्यामसुंदरपुर और बहरागोड़ा थाना पुलिस के सहयोग से छापेमारी की। इस दौरान श्यामसुंदरपुर थाना क्षेत्र के केरुकोचा के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर एजेंट से लूटे गए 80 हजार रुपये, मोबाइल फोन और टैबलेट बरामद किए गए। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से घटना के अगले ही दिन मामले का खुलासा हो गया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें