बिरसा मुंडा ग्रामीण एवं जनजातीय खेल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, फुटबॉल-हॉकी और तीरंदाजी के विजेता घोषित

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : झारखंड स्थापना दिवस समारोह-2026 के अवसर पर खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड के निर्देशानुसार जिला खेल कार्यालय, सरायकेला-खरसावाँ की ओर से 19 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा लोकप्रिय ग्रामीण एवं स्वदेशी जनजातीय खेल प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के तहत जिले के विभिन्न स्थानों पर फुटबॉल, हॉकी और तीरंदाजी की स्पर्धाएं आयोजित की गईं, जिसमें स्थानीय खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के अंतर्गत अर्जुना स्टेडियम, खरसावाँ में फुटबॉल एवं हॉकी की टीम स्पर्धाएं आयोजित हुईं। वहीं आवासीय तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र, दुगनी में तीरंदाजी की व्यक्तिगत स्पर्धा का आयोजन किया गया।


बालिका हॉकी स्पर्धा में हॉकी मानासिंह की टीम विजेता रही, जबकि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी), राजनगर की टीम उपविजेता बनी। बालिका फुटबॉल में केजीबीवी राजनगर ने विजेता का खिताब हासिल किया। वहीं केजीबीवी खरसावाँ की टीम उपविजेता रही।



बालक हॉकी प्रतियोगिता में हॉकी सिंहभूम, सरायकेला की टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि +2 उच्च विद्यालय, खरसावाँ की टीम दूसरे स्थान पर रही। बालक फुटबॉल स्पर्धा में छोटा चाकड़ी, कुचाई की टीम विजेता बनी और एन.आर. सरायकेला की टीम उपविजेता रही।


आवासीय तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र, दुगनी में आयोजित व्यक्तिगत स्पर्धा के पुरुष वर्ग में धनराज नाग ने प्रथम, सुराज जामुदा ने द्वितीय और लुथरू हांसदा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

महिला वर्ग में सुनीता टुटी प्रथम, सोनम सांगा द्वितीय और बाहा बेसरा तृतीय स्थान पर रहीं।


प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं जनजातीय खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा पारंपरिक खेलों के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर उपलब्ध कराना है।

आयोजन के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार तथा संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) एवं अंचल अधिकारी (सीओ) उपस्थित रहे। जिला खेल कार्यालय की ओर से प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें