Potka : झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर बुधवार को पोटका प्रखंड के पोटका पंचायत भवन में गृह प्रवेश एवं परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पोटका विधायक संजीव सरदार ने अबुआ आवास योजना के 10 लाभुकों को परिग्रह पत्र, उपहार और सांकेतिक रूप से घर की चाबी सौंपकर नए घर की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान विधायक ने एक अबुआ आवास का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन भी किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में एडीएम मुकेश मछुआ, पंचायत की मुखिया पानो सरदार एवं मुखिया सावित्री हांसदा उपस्थित रहीं। अपने पक्के घर का उपहार मिलने पर लाभुकों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। झारखंड स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित इस कार्यक्रम को ग्रामीणों के लिए सरकार की आवास योजना का लाभ मिलने के रूप में देखा गया।
इस अवसर पर विधायक संजीव सरदार ने पोटका पंचायत में वीबी-जी रामजी योजना के तहत दो सड़क निर्माण योजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें प्राथमिक विद्यालय टांगरसाई स्थित इमली पेड़ के नीचे से नदी पुलिया तक जीएसबी सड़क निर्माण तथा टुइली सरदार के घर के सामने से जाहेरथान तक जीएसबी सड़क निर्माण कार्य शामिल है। इन सड़कों के निर्माण से संबंधित ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।
मौके पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि झारखंड स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में राज्य सरकार ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की सौगात दे रही है। सरकार का उद्देश्य है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने प्रखंड के अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी तत्परता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की सही जानकारी मिले और जरूरतमंदों तक उनका लाभ पहुंचे, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण कुमार मुंडा ने बताया कि झारखंड स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में राज्य सरकार के निर्देशानुसार 21 नवंबर तक प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में अबुआ आवास योजना के लाभुकों का गृह प्रवेश कराया जाएगा। इसी अभियान की शुरुआत बुधवार को पोटका पंचायत से की गई है।
कार्यक्रम में एडीएम मुकेश मछुआ, पंचायत समिति सदस्य छबि दास, ग्राम प्रधान अमल रंजन सरदार, बीडीओ अरुण कुमार मुंडा, झामुमो नेता सुधीर सोरेन, प्रखंड समन्वयक गुरुचरण महतो, राजेश प्रसाद, लीला सोलंकी, गौतम मल्लिक, बीपीएम मंटू कुमार मुंडा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

















