Jamshedpur : झारखंड में पत्रकारों पर कथित प्रशासनिक दबाव और उनके साथ आरोपी की तरह व्यवहार किए जाने के मामलों को लेकर पत्रकारों में आक्रोश गहराता जा रहा है। इसी क्रम में सरायकेला प्रेस क्लब की ओर से एक आपातकालीन बैठक आयोजित कर पूरे मामले पर नाराजगी जताई गई। बैठक का नेतृत्व प्रेस क्लब के महासचिव प्रमोद सिंह ने किया। इसमें अध्यक्ष मनमोहन सिंह राजपूत सहित जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए प्रेस क्लब के सदस्यों ने हिस्सा लिया।
बैठक में द भारत मित्र चैनल के पत्रकार अभिषेक भारती के साथ प्रशासन द्वारा कथित तौर पर लगातार दबाव बनाए जाने और अपराधियों जैसा व्यवहार किए जाने के मामले पर विस्तार से चर्चा हुई। पत्रकारों ने इस प्रकरण पर गंभीर चिंता जताते हुए पत्रकारिता की स्वतंत्रता, सम्मान और सुरक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
इस अवसर पर महासचिव प्रमोद सिंह ने कहा कि अभिषेक भारती के कठिन समय में सरायकेला प्रेस क्लब पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ा है। पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और निष्पक्ष पत्रकारिता करना उनका अधिकार है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को डराने, उन पर दबाव बनाने या उनके साथ अपराधियों जैसा व्यवहार करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अभिषेक भारती के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय या ज्यादती होती है, तो प्रेस क्लब चुप नहीं बैठेगा। इस मामले को लेकर डीजीपी और मुख्यमंत्री से मुलाकात की जाएगी। जरूरत पड़ने पर जिले के पत्रकार एकजुट होकर धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
बैठक में मौजूद अन्य पत्रकारों ने भी एकजुटता प्रदर्शित करते हुए कहा कि पत्रकारों के सम्मान, अधिकार और सुरक्षा के सवाल पर पूरा पत्रकार समाज एकजुट है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पत्रकारों की आवाज दबाने के किसी भी प्रयास का संगठित तरीके से विरोध किया जाएगा।
















