Seraikela : विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाताओं को होने वाली परेशानियों को देखते हुए गम्हरिया अंचल कार्यालय परिसर में एक विशेष पहल की गई है। यहां मतदाताओं की सुविधा के लिए दो दिवसीय विशेष शिविर आयोजित कर मौके पर ही जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र जारी किए जा रहे हैं। इस पहल से उन मतदाताओं को बड़ी राहत मिल रही है, जिन्हें एसआईआर प्रक्रिया के दौरान आवश्यक दस्तावेजों की कमी के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए गम्हरिया के अंचल निरीक्षक बलवंत सिंह ने बताया कि उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के निर्देश पर दो दिनों के लिए विशेष शिविर लगाया गया है। विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान कई मतदाताओं से जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र मांगे जा रहे हैं, जबकि बड़ी संख्या में लोगों के पास ये दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं। इसी समस्या के समाधान और मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था शुरू की गई है।
उन्होंने बताया कि शिविर में आवेदन करने वाले लोगों को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने पर मौके पर ही प्रमाण पत्र निर्गत किए जा रहे हैं। खबर लिखे जाने तक करीब 50 लोगों को इस सुविधा का लाभ मिल चुका था तथा उनके जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र जारी किए जा चुके थे।
प्रशासन की इस पहल से एसआईआर प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहूलियत मिल रही है। साथ ही प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लंबी प्रक्रिया और भागदौड़ से भी राहत मिल रही है।
















