Jamshedpur : झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत मंगलवार को पटमदा प्रखंड में गृह प्रवेश सह परिसंपत्ति वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन, उप विकास आयुक्त एवं जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों और प्रमाण पत्रों का वितरण किया। इस दौरान ग्रामीणों को आवास, पेंशन, स्वरोजगार, कृषि और आजीविका से जुड़ी योजनाओं का लाभ दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान अबुआ आवास योजना के प्रथम चरण में नवनिर्मित आवासों में गृह प्रवेश के लिए लावा और लच्छीपुर पंचायत के पांच-पांच, कुल 10 लाभुकों को उपहार के साथ सांकेतिक रूप से नए घर की चाबी सौंपी गई। वहीं, सात लाभुकों को वृद्धावस्था पेंशन प्रमाण पत्र, दो को जाति प्रमाण पत्र और एक लाभुक को आय प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत 18 महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई। इसके अलावा पांच स्वयं सहायता समूहों को सामुदायिक निवेश निधि (सीसीएल) के तहत ऋण उपलब्ध कराया गया। किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए 50 प्रतिशत अनुदान पर गेहूं बीज का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर वीबी-जी राम जी योजना के तहत लावा गांव में संचालित होने वाली दो योजनाओं का ऑनलाइन शिलान्यास किया गया। वहीं, उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन मेट और पांच श्रमिकों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने, आवास सुविधा मजबूत करने, महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और किसानों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। साथ ही ग्रामीण आजीविका और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का संदेश दिया गया।
















