सरयू राय की रामार्चा पूजा की तैयारियां तेज, 20 नवंबर को आवास और 21 को मणिमेला मैदान में होगा प्रसाद वितरण

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की ओर से प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली रामार्चा पूजा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस वर्ष पूजा का आयोजन 20 और 21 नवंबर को किया जाएगा। 20 नवंबर को बिष्टुपुर स्थित उनके आवास, 42 जे. रोड पर विधि-विधान के साथ पूजा संपन्न होगी, जबकि 21 नवंबर को मणिमेला मैदान में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा।

आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बुधवार को विधायक सरयू राय मणिमेला मैदान पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने प्रसाद तैयार करने के स्थान, प्रसाद वितरण की व्यवस्था, एक बार में श्रद्धालुओं के बैठकर प्रसाद ग्रहण करने की क्षमता तथा प्रवेश और निकास द्वार के निर्माण सहित विभिन्न बिंदुओं पर संबंधित लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उनका जोर आयोजन को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने पर रहा।

गौरतलब है कि सरयू राय पिछले 25 वर्षों से लगातार रामार्चा पूजा का आयोजन करते आ रहे हैं। इस वर्ष यह आयोजन अपने 26वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। यह पूजा अब जमशेदपुर के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में अपनी अलग पहचान बना चुकी है। इसमें आम श्रद्धालुओं के साथ-साथ कई विशिष्ट लोग भी शामिल होते हैं। झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा बिहार और अन्य राज्यों से भी श्रद्धालु इस आयोजन में पहुंचते हैं।

रामार्चा पूजा में वितरित किया जाने वाला विशेष प्रसाद ‘हाथी कानपुड़ी’ श्रद्धालुओं के बीच खासा लोकप्रिय है। हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग इस प्रसाद को ग्रहण करने के लिए पहुंचते हैं।

निरीक्षण के दौरान प्रकाश राव, सुर रंजन राय, मनोज सिंह, अशोक गोयल, सुधीर सिंह, पप्पू सिंह सूर्यवंशी, नीरज सिंह, सन्नी सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.