Jamshedpur : करणडीह के किनूडीह में ग्राम सभा किनूडीह की ओर से आयोजित पारंपरिक आतू सोहराय समारोह पूरे उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में पोटका विधायक संजीव सरदार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में पारंपरिक डंगरी खूंटाव आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। इसे देखने के लिए आसपास के गांवों से सैकड़ों ग्रामीण पहुंचे।
समारोह के दौरान गाय-बैलों की पूजा-अर्चना की गई। पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच मांदर और नगाड़े की गूंज पर महिला-पुरुषों ने सामूहिक नृत्य किया। पूरा गांव सोहराय के रंग में रंगा नजर आया।
पशुधन के प्रति सम्मान और प्रकृति से जुड़ाव का पर्व है सोहराय
सोहराय झारखंड की समृद्ध आदिवासी संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है। इसका गहरा संबंध प्रकृति, पशुधन और खेती-किसानी से है। सदियों पुरानी इस परंपरा में खेती और रोजमर्रा के जीवन में पशुधन के योगदान के प्रति सम्मान प्रकट किया जाता है। सोहराय खूंटाव के अवसर पर पूजा-अर्चना के साथ नाच-गाने की विशेष परंपरा भी निभाई जाती है। मांदर, नगाड़ा और अन्य पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर ग्रामीण सामूहिक रूप से नृत्य करते हैं।
अपनी संस्कृति और परंपराओं को सहेजना हम सभी की जिम्मेदारी : संजीव सरदार
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि सोहराय जैसे पर्व आदिवासी समाज की पहचान, सांस्कृतिक विरासत और प्रकृति के साथ उसके गहरे रिश्ते को दर्शाते हैं। हमारी परंपराओं में पशुधन, प्रकृति और सामूहिक जीवन का विशेष महत्व रहा है।
उन्होंने कहा कि आधुनिकता के इस दौर में अपनी भाषा, संस्कृति, रीति-रिवाज और पारंपरिक आयोजनों को सहेजकर रखना बेहद जरूरी है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपने पूर्वजों की विरासत से जोड़ते हैं और उन्हें अपनी सांस्कृतिक पहचान पर गर्व करना सिखाते हैं। विधायक ने ग्राम सभा किनूडीह की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में एकता और भाईचारे को भी मजबूत करते हैं।
मांदर बजाकर विधायक ने साझा की सोहराय की खुशियां
समारोह में विधायक संजीव सरदार भी आदिवासी संस्कृति के रंग में रंगे नजर आए। उन्होंने स्वयं मांदर बजाकर ग्रामीणों का उत्साह बढ़ाया और पारंपरिक नृत्य-संगीत में शामिल होकर आतू सोहराय की खुशियां साझा कीं। इस दौरान ग्रामीणों ने भी पूरे उत्साह के साथ उनका साथ दिया।
बुजुर्गों से बच्चों तक दिखा उत्साह
समारोह की खास बात यह रही कि इसमें बुजुर्गों के साथ युवा और बच्चे भी बढ़-चढ़कर शामिल हुए। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर महिला-पुरुषों के सामूहिक नृत्य ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। ग्रामीणों ने एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा करते हुए अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर सरस्वती टुडू, दक्षिण करंडीह की मुखिया, रैमत सोरेन, पूर्वी घाघीडीह के उपमुखिया, मिर्जा हांसदा, मानिक मल्लिक सहित कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
















