केएसएमएस ने सेवा और संवेदना के साथ मनाई दीपावली, हिंद आश्रम और ट्रांसजेंडर समुदाय तक पहुंचाई खुशियां

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : केरल समाजम मॉडल स्कूल (केएसएमएस), जमशेदपुर ने दीपावली का पर्व सेवा, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी के भाव के साथ मनाया। विद्यालय ने इस अवसर पर जरूरतमंदों और समाज के विभिन्न वर्गों तक त्योहार की खुशियां पहुंचाने की पहल की।

हिंद आश्रम को खाद्य सामग्री का सहयोग

विद्यालय की ओर से संचालित प्रोजेक्ट मुस्कान सेतु – टच अ लाइफ, बी द चेंज के तहत बर्मामाइंस स्थित हिंद आश्रम के निवासियों के लिए आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई गई। इसमें 20 किलो चीनी, 80 किलो सूजी, 25 किलो अरहर दाल, 20 किलो सोया चंक्स और 10 किलो अमूल्य मिल्क पाउडर शामिल था।

ट्रांसजेंडर समुदाय के बीच बांटे दीपावली के उपहार

समाज के ट्रांसजेंडर समुदाय को भी दीपावली की खुशियों से जोड़ने के उद्देश्य से विद्यालय ने एनजीओ पीपल फॉर चेंज के सहयोग से दीपावली हैम्पर वितरित किए। इन हैम्पर में मिठाई, मोमबत्तियां, तेल, मिट्टी के दीये, सोनपापड़ी और फुलझड़ियां शामिल थीं। इस पहल के माध्यम से समुदाय के सदस्यों के बीच अपनत्व और उत्सव का माहौल बनाने का प्रयास किया गया।

दोनों सामाजिक पहल विद्यालय के अध्यक्ष टी.के. सुकुमारन और प्राचार्या रीना बनर्जी के मार्गदर्शन में संपन्न हुईं। विद्यालय की ओर से निदेशक (एकेडमिक्स) नंदिनी शुक्ला, प्राचार्या रीना बनर्जी, हेडमिस्ट्रेस सुजाता सिंह, उपप्राचार्य ए.एल. अब्राहम, रजिस्ट्रार वृंदा सुरेश, एनवायरनमेंट क्लब की मॉडरेटर शीला सुधाकरन एवं दीप्ति चक्रवर्ती तथा गाइड्स कैप्टन सुधा वर्मा शामिल हुईं। इनके साथ एनवायरनमेंट क्लब के सदस्य और स्काउट्स एंड गाइड्स यूनिट के विद्यार्थी भी मौजूद रहे।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इन पहलों का उद्देश्य दीपावली के वास्तविक संदेश को विद्यार्थियों तक पहुंचाना है। त्योहार की सच्ची रोशनी केवल दीप जलाने में नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में खुशियां लाने में है। प्रोजेक्ट मुस्कान सेतु के माध्यम से विद्यार्थियों में सहानुभूति, करुणा, समावेशिता और सेवा भाव विकसित करने के साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाला व्यक्ति बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

केएसएमएस की इस पहल का संदेश है कि दीपावली का उत्सव केवल दीप जलाने तक सीमित नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन को रोशन करने का भी अवसर है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें