Jamshedpur : बारीडीह कमेटी हॉल में आदिवासी जन परिषद के तत्वावधान में करम मिलन समारोह-2026 का आयोजन किया गया। समारोह में परिषद के केंद्रीय अध्यक्ष प्रेमशाही मुंडा, महासचिव प्रकाश मंडा, सचिव विष्णु मुंडा और रांची महानगर महिला मोर्चा की अध्यक्ष शीला उरांव सहित कई अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम में आदिवासी संस्कृति, धर्म, परंपरा और प्राकृतिक विरासत के संरक्षण पर विचार-विमर्श किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि करम महोत्सव केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की सांस्कृतिक, धार्मिक और प्राकृतिक विरासत का प्रतीक है। यह भाई-बहन के प्रेम और एक-दूसरे की रक्षा के संकल्प के साथ कर्म और धर्म के महत्व को भी दर्शाता है। कृषि महोत्सव के रूप में भी इसकी विशेष पहचान है।
वक्ताओं ने कहा कि आदिवासी समाज की सांस्कृतिक पहचान और प्रकृति के साथ उसके पारंपरिक संबंधों को सुरक्षित रखने के लिए करम महोत्सव जैसे पर्वों को निरंतर बढ़ावा देना आवश्यक है। इसके माध्यम से आदिवासी धर्म कोड की मांग और जल, जंगल, जमीन के संरक्षण के अभियान को भी मजबूती मिलती है। उन्होंने समाज के लोगों से अपनी परंपराओं और प्राकृतिक विरासत को बचाने के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।
करम मिलन समारोह के अवसर पर आदिवासी जन परिषद की ओर से आठ सामाजिक प्रस्ताव पारित किए गए। इनमें प्रमुख रूप से—
1. आदिवासियों की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान सुनिश्चित करने के लिए भारत की जनगणना के प्रपत्र में अलग आदिवासी धर्म कोड का प्रावधान लागू किया जाए।
2. करम महोत्सव से संबंधित विषयों को झारखंड के पाठ्यक्रम में शामिल किया जाए।
3. करम महोत्सव को बढ़ावा देने के लिए ट्राइबल सब-प्लान की राशि से आदिवासी समाज को विशेष पैकेज दिया जाए।
4. झारखंड में पेसा कानून को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।
5. पूर्वी सिंहभूम में आदिवासियों की धार्मिक जमीन पर हो रहे कथित अतिक्रमण और अवैध कब्जों को रोकने के लिए विशेष टास्क फोर्स गठित कर जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
6. पूरे झारखंड में करम पूजा स्थलों को चिह्नित कर संरक्षित किया जाए।
7. आदिवासियों के धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए आदिवासी धार्मिक न्यास बोर्ड का गठन किया जाए।
8. जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के लिए सामूहिक संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में आदिवासी जन परिषद के केंद्रीय अध्यक्ष प्रेमशाही मुंडा, महासचिव प्रकाश मंडा, सचिव विष्णु मुंडा, रांची महानगर महिला मोर्चा अध्यक्ष शीला उरांव, रांची जिला ग्रामीण अध्यक्ष सुनील हीरो, शिवरतन मुंडा, पवन करमाली, श्याम करमाली सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

















