Jamshedpur : झारखंड बंगाली समिति, जमशेदपुर शाखा के तत्वावधान में ईश्वरचंद्र विद्यासागर की 207वीं जयंती के उपलक्ष्य में 49वीं चित्रांकन एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन साकची स्थित हाई स्कूल में किया गया। प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
चित्रांकन प्रतियोगिता में 101 विद्यार्थियों, जबकि निबंध प्रतियोगिता में 52 विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। दोनों प्रतियोगिताओं को चार अलग-अलग वर्गों में विभाजित किया गया था। निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को बांग्ला, हिंदी और अंग्रेजी भाषा में अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर मिला।
समिति की अध्यक्ष झरना कर ने कहा कि महान साहित्यकार एवं बांग्ला भाषा के प्रमुख निर्माताओं में शामिल ईश्वरचंद्र विद्यासागर की 207वीं जयंती के अवसर पर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य नई पीढ़ी को विद्यासागर के साहित्यिक योगदान, उनके विचारों तथा बांग्ला भाषा के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका से परिचित कराना है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में साहित्य और कला के प्रति रुचि विकसित करने के साथ-साथ उन्हें समाज सुधारक विद्यासागर के जीवन एवं आदर्शों से जोड़ना भी इस आयोजन का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
कार्यक्रम में झरना कर, तपन सेनशर्मा, निखिल दत्ता, सुमिता बेरा, रमा मुखर्जी, अरुण सिन्हा, सुजाता विश्वास, पूरबी चटर्जी, निसार अमीन, सरोज सेन, आशीष गुप्ता, शुक्ला रॉयचौधरी, तरुण कांति घोष, सुपर्णा सेनशर्मा, चंदना चटर्जी, आरती सेन, बुलबुल घोष और ज्योत्सना मंडल समेत समिति के अन्य सदस्य एवं प्रमुख लोग उपस्थित रहे।
#Jamshedpur #VidyasagarJayanti #JharkhandBangaliSamiti #EssayCompetition #DrawingCompetition #IshwarChandraVidyasagar















