एसआईआर पर पोटका में झामुमो की रणनीति तैयार, संजीव सरदार बोले- एक भी योग्य मतदाता का नाम नहीं छूटना चाहिए

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Potka : एसआईआर प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची में सामने आई विसंगतियों को लेकर झामुमो ने पोटका प्रखंड में बूथ स्तर पर अभियान तेज करने की रणनीति तैयार की है। रविवार को प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन की अध्यक्षता में हुई बैठक में ग्रामीणों के बीच एसआईआर को लेकर बनी भ्रांतियों, नोटिस और दस्तावेज संबंधी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर मतदाताओं को प्रक्रिया की जानकारी देने और आवश्यक दस्तावेज दुरुस्त कराने में सहयोग करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में मुख्य अतिथि पोटका विधायक संजीव सरदार ने कहा कि पोटका प्रखंड में करीब 24 हजार मतदाता एसआईआर की विसंगति सूची में हैं। ऐसे में सुधार और दावा-आपत्ति के लिए उपलब्ध समय को देखते हुए आने वाला सप्ताह बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्र में बीएलओ और ग्राम प्रधान के साथ समन्वय कर बैठक करने तथा प्रभावित मतदाताओं की समस्याओं के समाधान में सहयोग करने को कहा।

दस्तावेजों की कमी दूर कराने में सहयोग का निर्देश

संजीव सरदार ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी केवल संगठनात्मक गतिविधियों तक सीमित नहीं है। ग्रामीणों को सही जानकारी उपलब्ध कराना और उन्हें आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने में मदद करना भी जरूरी है। जिन मतदाताओं को एसआईआर से संबंधित नोटिस मिला है, उनकी समस्याओं को समझकर उन्हें संबंधित प्रक्रिया पूरी कराने में सहयोग किया जाए। जरूरत पड़ने पर ऐसे मतदाताओं को प्रखंड मुख्यालय तक लाने की व्यवस्था भी की जाए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि एक भी योग्य मतदाता का नाम प्रक्रिया के कारण मतदाता सूची से नहीं छूटना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रिय रहना होगा।

केंद्र सरकार पर लगाया राजनीतिक साजिश का आरोप

विधायक ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार चुनाव आयोग की प्रक्रिया का इस्तेमाल कर झारखंड के आदिवासी-मूलवासी लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाने की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि झामुमो कार्यकर्ता ऐसे किसी भी प्रयास को सफल नहीं होने देंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से दावा-आपत्ति और सुधार की प्रक्रिया के दौरान पूरी गंभीरता से काम करने की अपील की।

जरूरत पड़ी तो प्रखंड में खुद मौजूद रहेंगे विधायक

संजीव सरदार ने कहा कि ग्रामीणों को दस्तावेज तैयार कराने और प्रक्रिया समझने में किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। जरूरत पड़ने पर वह स्वयं भी प्रखंड कमेटी के साथ मौजूद रहेंगे और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान में सहयोग करेंगे।

उन्होंने ग्रामीणों से भी एसआईआर से संबंधित नोटिस और दस्तावेजी कमियों को गंभीरता से लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रहना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बेहद जरूरी है।

34 पंचायतों के कार्यकर्ता हुए शामिल

बैठक में पूर्व पार्षद चंद्रावती महतो, हीरामनी मुर्मू, मुखिया संगीता सरदार, झामुमो नेता सुनील महतो, सुधीर सोरेन, रजनी षाड़ंगी, हितेश भगत, बीरेन पात्र, चक्रधर महतो, दुखु मार्डी, चमका सरदार, देव पालित, सैयद समीउल्लाह समेत पोटका प्रखंड की 34 पंचायतों के झामुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.