यूसीआईएल के 60 वर्ष पूरे होने पर जादूगोड़ा में भव्य आयोजन कल, वित्त आयोग की सदस्य सीमा जैन पहुंचीं, परमाणु ऊर्जा आयोग अध्यक्ष का दौरा रद्द

Share करें

✓ Link copy हो गया!


Jamshedpur : होमी जहांगीर भाभा की आदमकद प्रतिमा के अनावरण से होगा समारोह का शुभारंभ, यूरेनियम उत्खनन मॉडल प्रदर्शनी और विकिरण पर कार्यशाला भी आयोजित

जादूगोड़ा। यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसीआईएल) के गठन के 60 वर्ष पूरे होने के अवसर पर जादूगोड़ा में रविवार को भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। समारोह को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भारत सरकार के वित्त आयोग की सदस्य सीमा जैन शनिवार को ही जादूगोड़ा पहुंच गईं। उन्होंने यूसीआईएल की जादूगोड़ा और तुरामडीह खदानों के साथ ही खुली खदान बंदुहुरांग माइंस का दौरा किया।

समारोह का शुभारंभ रविवार सुबह 10 बजे यूरेनियम के जनक माने जाने वाले वैज्ञानिक होमी जहांगीर भाभा की आदमकद प्रतिमा के अनावरण के साथ होगा। इसके बाद विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

दोपहर तीन बजे नरवा पहाड़ स्थित इन्फॉर्मेशन सेंटर में मुख्य अतिथि यूरेनियम उत्खनन से जुड़ी मॉडल प्रदर्शनी का निरीक्षण करेंगे। वहीं, शाम चार बजे भाभा ऑडिटोरियम में यूरेनियम विकिरण विषय पर कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कार्यशाला में यूरेनियम खनन और विकिरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होने की संभावना है।

कार्यक्रम में शामिल होने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से करीब 35 अतिथियों के पहुंचने की जानकारी दी गई है। सभी अतिथियों के ठहरने की व्यवस्था जमशेदपुर के विभिन्न होटलों में की गई है। समारोह को लेकर यूसीआईएल परिसर और आयोजन स्थलों पर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।

परमाणु ऊर्जा आयोग के अध्यक्ष डॉ. अजीत कुमार मोहंती का दौरा रद्द

इधर, समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में प्रस्तावित परमाणु ऊर्जा आयोग के अध्यक्ष डॉ. अजीत कुमार मोहंती का जादूगोड़ा दौरा रद्द हो गया है। सूत्रों के अनुसार, इसकी जानकारी खुफिया विभाग की ओर से भी दी गई है। हालांकि, दौरा रद्द होने के कारणों को लेकर आधिकारिक स्तर पर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। यूसीआईएल के अधिकारी भी इस संबंध में फिलहाल कुछ कहने से बच रहे हैं।

दौरा रद्द होने के बावजूद रविवार को होने वाले 60 वर्ष पूर्णता समारोह को लेकर तैयारियां जारी हैं और कार्यक्रम निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित किए जाने की बात कही जा रही है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें