डीसी-एसपी कार्यालय से चंद कदम दूर बैंक में चोरी का प्रयास, ताला तोड़कर घुसे चोर; कैश बॉक्स तक नहीं पहुंच सके

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Saraikela  : जिला मुख्यालय में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक कार्यालय से महज कुछ कदम की दूरी पर स्थित बैंक ऑफ इंडिया की गौरांगडीह शाखा में बीती रात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया। घटना रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। हालांकि चोर कैश बॉक्स तक नहीं पहुंच सके और बिना नकदी लिए ही मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार चोरों ने बैंक के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद रॉड की मदद से बैंक में रखी अलमारी को खोलने का प्रयास किया गया। हालांकि वे अलमारी में रखे दस्तावेजों तक भी नहीं पहुंच सके। घटना की जानकारी मिलने के बाद शाखा प्रबंधक कैलाश मंडल ने सरायकेला थाना पुलिस को सूचना दी।

शाखा प्रबंधक के अनुसार बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में दो संदिग्ध स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। दोनों के हाथ में रॉड थी और इसी के सहारे उन्होंने बैंक का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को जांच के दायरे में लेते हुए संदिग्धों की पहचान और उनकी तलाश शुरू कर दी है।

घटना के बाद बैंक परिसर और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है। खास बात यह है कि बैंक जिला मुख्यालय में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक कार्यालय से बेहद नजदीक स्थित है। ऐसे स्थान पर रात के समय बैंक में चोरी का प्रयास सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।

हाल के दिनों में जमशेदपुर में बैंक डकैती की घटना के बाद बैंकिंग संस्थानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। ऐसे में सरायकेला में जिला प्रशासन के प्रमुख कार्यालयों के करीब बैंक में चोरी के प्रयास ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें