सरायकेला-खरसावां में अवैध पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान, 25 भारी वाहनों पर कार्रवाई; 1.70 लाख जुर्माना

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Saraikela : सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने सड़क किनारे अवैध रूप से पार्क किए गए भारी वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी शांकचार्य सामड़, मोटरयान निरीक्षक और यातायात पुलिस निरीक्षक के संयुक्त नेतृत्व में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में वाहनों की जांच की गई।

अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों की जांच की गई। यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 25 भारी वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 1 लाख 70 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

अभियान के दौरान माइकिंग के माध्यम से वाहन चालकों को सड़क किनारे अथवा प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन खड़ा नहीं करने की हिदायत दी गई। अधिकारियों ने बताया कि अवैध पार्किंग से यातायात बाधित होने के साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है।

विभिन्न कंपनियों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों के बाहर सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों को लेकर संबंधित कंपनी प्रबंधन और प्रबंधकों को भी माइकिंग के माध्यम से चेतावनी दी गई। उन्हें प्रतिष्ठान परिसर के अंदर या निर्धारित पार्किंग स्थल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही मुख्य सड़क या सार्वजनिक मार्ग पर वाहनों की पार्किंग नहीं होने देने को कहा गया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कंपनी प्रतिष्ठान के बाहर सड़क पर अवैध पार्किंग पाए जाने पर संबंधित वाहन के साथ जिम्मेदार पक्ष के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों के प्रबंधकों को भी निर्देश दिया गया कि पेट्रोल पंप के बाहर सड़क पर वाहनों की अनधिकृत पार्किंग नहीं होने दें। यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।

अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर अवैध पार्किंग और यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और संबंधित जिम्मेदार पक्षों पर मोटरयान अधिनियम के तहत नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें