Potka: पंचायत स्तर की विभिन्न समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान की मांग को लेकर मुखिया संघ जमशेदपुर के प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड विकास पदाधिकारी से मुलाकात की। प्रखंड अध्यक्ष राकेश चंद्र मुर्मू एवं जिला अध्यक्ष कान्हु मुर्मू के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बीडीओ को ज्ञापन सौंपकर लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात के दौरान पंचायतों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इनमें वार्ड सदस्यों के लंबित मानदेय का भुगतान, SIR प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं प्रक्रिया को स्पष्ट करने, मंईयां सम्मान योजना में लाभुकों को हो रही विसंगतियों के समाधान तथा सर्वजन पेंशन योजना के लाभुकों को नियमित पेंशन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग प्रमुख रही।
इसके अलावा पेयजल एवं स्वच्छता विभाग से संबंधित पंचायतों की समस्याओं का समाधान करने तथा पंचायत स्तर पर आम जनता से जुड़े अन्य लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने की मांग भी रखी गई।
मुखिया संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि पंचायत जनप्रतिनिधि सीधे ग्रामीणों के संपर्क में रहते हैं। ग्रामीण प्रतिदिन विभिन्न सरकारी योजनाओं, पेंशन, पेयजल और अन्य प्रशासनिक कार्यों से जुड़ी समस्याएं लेकर जनप्रतिनिधियों के पास पहुंचते हैं। ऐसे में इन समस्याओं का समयबद्ध समाधान होने से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ सुचारू रूप से मिल सकेगा।
प्रतिनिधिमंडल ने बीडीओ से सभी बिंदुओं पर सकारात्मक पहल करते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। इस अवसर पर मुखिया संघ के प्रखंड अध्यक्ष राकेश चंद्र मुर्मू, जिला अध्यक्ष कान्हु मुर्मू सहित जमशेदपुर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों के मुखिया उपस्थित रहे।
















