Noamundi : विश्व हृदय दिवस के अवसर पर टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच), नोआमुंडी की ओर से कर्मचारियों और आसपास के ग्रामीण समुदाय के बीच हृदय स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस वर्ष की थीम “Don’t Miss a Beat” के तहत 28 और 29 सितंबर को तीन जागरूकता सत्रों के साथ कंटोडिया गांव में सामुदायिक स्वास्थ्य शिविर लगाया गया।
जागरूकता सत्रों में उच्च रक्तचाप, हृदय रोग, मधुमेह, मोटापा और जीवनशैली से जुड़ी अन्य बीमारियों के कारण, लक्षण, जोखिम कारक, संभावित जटिलताओं तथा बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। जेआरडीटीटीआई में आयोजित जागरूकता सत्र में कंपनी के कर्मचारियों और कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों समेत करीब 200 लोगों ने हिस्सा लिया।
वहीं, कंटोडिया गांव में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 78 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श, ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन और मलेरिया की जांच के साथ आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया।
जांच के दौरान उच्च रक्तचाप के चार, मोतियाबिंद का एक और एनीमिया का एक मामला सामने आया। एनीमिया से पीड़ित मरीज का हीमोग्लोबिन स्तर 8.5 ग्राम प्रतिशत पाया गया। संबंधित मरीजों को आगे की जांच और उपचार के लिए टीएमएच, नोआमुंडी में फॉलो-अप की सलाह दी गई।
शिविर में बुखार और सिरदर्द की शिकायत वाले 11 लोगों की मलेरिया जांच की गई। इनमें सात लोग मलेरिया पॉजिटिव पाए गए। जांच में Plasmodium falciparum (Pf) और Plasmodium vivax (Pv) दोनों प्रकार के संक्रमण मिले। संक्रमित मरीजों में चार बच्चे शामिल थे। एक बच्चे को आगे के उपचार और चिकित्सकीय प्रबंधन के लिए टीएमएच, नोआमुंडी में भर्ती कराने के लिए रेफर किया गया।
स्वास्थ्य शिविर में टीएमएच नोआमुंडी के डॉ. अमला शंकर चटर्जी, डॉ. अर्नब कुमार मुखर्जी, डॉ. बी. एन. मिश्रा और डॉ. गौरव मिश्रा ने चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान कीं। कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय के बीच नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर बीमारी की पहचान और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

















