JAMSHEDPUR : लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश ने शहर के पॉश इलाके सोनारी आदर्श नगर सेवंथ फेज के सैकड़ों लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शुक्रवार को सुबह से जारी बारिश के बाद इलाके में चार फीट से अधिक पानी जमा हो गया। जलस्तर बढ़ने से गैरेज और निचले तल्ले के कई घरों में पानी घुस गया। इससे लोगों को दिनभर भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जलजमाव के कारण बच्चों का स्कूल जाना, नौकरी और व्यवसाय से जुड़े लोगों का काम पर पहुंचना और मरीजों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाना मुश्किल हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश के दौरान घरों से बाहर निकलना चुनौती बन जाता है। घरों और आसपास लंबे समय तक पानी जमा रहने से बिजली के करंट की आशंका को लेकर भी लोगों में डर बना रहता है।
पानी में डूबीं गाड़ियां, मरम्मत का बढ़ रहा खर्च
इलाके में लगातार जलजमाव के कारण गैरेज में खड़ी बाइक, स्कूटी, कार समेत कई वाहन दिनभर पानी में डूबे रहे। इससे वाहनों के इंजन और अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, हर वर्ष जलजमाव के बाद बाइक और स्कूटी की मरम्मत में करीब तीन हजार रुपये, जबकि कार की मरम्मत में पांच हजार रुपये या उससे अधिक खर्च हो जाता है।
रोजगार से लेकर बच्चों की पढ़ाई तक प्रभावित
स्थानीय लोगों ने बताया कि जलजमाव के कारण कई लोग अपने काम पर नहीं जा पाते हैं। रोज कमाने-खाने वाले परिवारों के लिए बारिश के दिनों में परेशानी और बढ़ जाती है। बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होती है। वहीं, बुजुर्ग के बीमार पड़ने या किसी आपात स्थिति में उन्हें अस्पताल तक पहुंचाना भी मुश्किल हो जाता है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इलाके में जलजमाव की समस्या नई नहीं है। हर वर्ष बारिश के दौरान ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है। समस्या के स्थायी समाधान के लिए कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई और जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।
लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त कराने के साथ ही बार-बार होने वाले जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
















