Jamshedpur : गोलमुरी बाजार स्थित केनरा बैंक में गुरुवार सुबह हथियारबंद अपराधियों द्वारा बैंककर्मियों और सुरक्षा गार्ड को बंधक बनाकर करीब 42 लाख रुपये नकद और स्वर्णाभूषण लूटने की घटना पर भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
संजीव सिन्हा ने कहा कि शहर के बीचों-बीच दिनदहाड़े बैंक के अंदर हथियारबंद अपराधियों का घुसकर डकैती को अंजाम देना कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि जिस बेखौफ अंदाज में अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया, उससे अपराधियों के मन में कानून का भय नहीं रहने का संकेत मिलता है।
उन्होंने कहा कि जब जमशेदपुर जैसे महत्वपूर्ण औद्योगिक शहर में दिनदहाड़े बैंक को निशाना बनाया जा सकता है, तो आम नागरिक अपने घर, दुकान और कारोबार की सुरक्षा को लेकर किस तरह आश्वस्त महसूस करेगा। भाजपा महानगर अध्यक्ष ने झामुमो-कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार के कार्यकाल में अपराधियों का मनोबल बढ़ा है और आम लोगों के बीच भय एवं असुरक्षा का वातावरण बना है।
संजीव सिन्हा ने कहा कि शहर में इससे पहले भी लूट, डकैती और अन्य आपराधिक घटनाएं सामने आती रही हैं। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई मामलों में अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। उनके अनुसार, ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुलिस प्रशासन को प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि केनरा बैंक डकैती मामले में अपराधियों की तत्काल पहचान कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए तथा लूटी गई नकदी और स्वर्णाभूषण बरामद किए जाएं। साथ ही उन्होंने शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और नागरिकों में सुरक्षा की भावना कायम करने के लिए ठोस कार्रवाई की मांग की।
















