Adityapur : जिला आयुष समिति, सरायकेला-खरसावां के निर्देशानुसार 16 सितंबर 2026 को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयुष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में ग्रामीणों एवं वयोवृद्ध लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, आयुष चिकित्सा और आवश्यक औषधियां उपलब्ध कराई गईं। साथ ही लोगों को योग एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
खरसावां प्रखंड के चामरुडीह गांव में आयोजित वयोवृद्ध आयुष स्वास्थ्य शिविर में 87 मरीजों की जांच की गई। मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यकता के अनुसार आयुष चिकित्सा एवं दवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर की जांच भी की गई तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिया गया। लोगों को योग के विभिन्न अभ्यासों का प्रशिक्षण देते हुए नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया गया।
इसी क्रम में ईचागढ़ प्रखंड के गोरंकोचा गांव में आयोजित आयुष ग्राम हेल्थ कैंप में 54 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित मरीजों का होम्योपैथी पद्धति से उपचार किया गया और आवश्यक चिकित्सा परामर्श दिया गया। शिविर के दौरान योग प्रशिक्षण के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
वहीं, आयुष आरोग्य मंदिर, सुरसी में मस्क्युलोस्केलेटल एवं ऑस्टियोआर्थराइटिस स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। यहां 98 मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और जरूरत के अनुसार आयुष पद्धति की दवाएं उपलब्ध कराई गईं। मरीजों को नियमित स्वास्थ्य देखभाल, स्वस्थ जीवनशैली और योग के महत्व की जानकारी दी गई।
इन तीनों शिविरों में कुल 239 मरीजों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधा मिली। शिविरों के माध्यम से ग्रामीण एवं वयोवृद्ध लोगों को उनके नजदीक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ आयुष चिकित्सा पद्धति, योग और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।

















