Adityapur : अवैध शराब के विनिर्माण एवं बिक्री पर नियंत्रण को लेकर सरायकेला-खरसावां जिला उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। उपायुक्त एवं अधीक्षक उत्पाद के निर्देश के आलोक में गुप्त सूचना के आधार पर 16 सितंबर 2026 को खरसावां थाना क्षेत्र के मधुसाई गांव में छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने एक अवैध चुलाई शराब अड्डे को ध्वस्त करते हुए 5,000 किलो जावा महुआ और 40 लीटर महुआ चुलाई शराब बरामद की। बरामद अवैध उत्पाद को नियमानुसार जब्त कर लिया गया है। वहीं, अवैध चुलाई अड्डे के संचालक के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि जिले में अवैध शराब के विनिर्माण, भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग द्वारा लगातार छापेमारी और कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध रूप से निर्मित शराब का सेवन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है।
उपायुक्त ने आम लोगों से अपील की कि वे अवैध शराब का सेवन नहीं करें और न ही इसके निर्माण एवं बिक्री को बढ़ावा दें। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण अथवा बिक्री से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर स्थानीय प्रशासन या उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना दें। ऐसी सूचनाओं के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गुप्त सूचना के लिए क्षेत्रवार संपर्क नंबर
- सरायकेला एवं चांडिल क्षेत्र: +91 96316 85811
- आदित्यपुर अंचल क्षेत्र: +91 90313 80385
प्रशासन की ओर से बताया गया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में आमजनों के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया गया है।

















