Jamshedpur : खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026 के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पूर्वी सिंहभूम जिला समिति ने 19 सितंबर को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन की तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम को लेकर बुधवार को जिला संपर्क कार्यालय, साकची में जमशेदपुर नगर के सभी शाखा अध्यक्षों एवं सचिवों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने की।
बैठक में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए संगठनात्मक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश के तहत प्रखंड एवं नगर निकाय कार्यालयों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के लिए संशोधित पर्यवेक्षकों की सूची की जानकारी भी पार्टी पदाधिकारियों को दी गई।
झामुमो की ओर से 19 सितंबर को राज्यव्यापी धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। जमशेदपुर में मुख्य कार्यक्रम जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) कार्यालय, साकची के समक्ष आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई।
जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने कहा कि 19 सितंबर को साकची स्थित जेएनएसी कार्यालय के समक्ष आयोजित धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता संशोधन अधिनियम के प्रति अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
बैठक में प्रीतम हेंब्रम, सुशील हेंब्रम, सोमेन विश्वास, पाण्डेय प्रधान, बादल कर्मकार, जाबिर हुसैन, प्रितपाल सिंह, संतोष लकड़ा, अजय पाण्डेय, राजू मुखी, ओनादी उरांव, सरफराज बबलू और गोविंदा चालक समेत कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

















