जादूगोड़ा लेबर यूनियन की बैठक में नवंबर में चुनाव समेत लंबित मांगों पर चर्चा, कैंटीन और अस्पताल सुविधाओं में सुधार की मांग

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jadughoda : यूसीआईएल की मान्यता प्राप्त श्रमिक संगठन जादूगोड़ा लेबर यूनियन की तुरामडीह स्थित यूनियन कार्यालय में मंगलवार देर शाम बैठक हुई। बैठक में आगामी नवंबर में यूनियन का सर्वसम्मति से चुनाव कराने सहित कर्मचारियों से जुड़ी कई लंबित मांगों और समस्याओं पर चर्चा की गई।

बैठक के बाद यूनियन के महासचिव सुरजीत सिंह ने बताया कि लंबे समय से प्रमोशन पॉलिसी में सुधार की मांग की जा रही है। उन्होंने कंपनी अस्पताल के जीडीए-बी और पियून-बी पदों पर कार्यरत कर्मचारियों को वर्ष 2004 की नीति के आधार पर जीडीए-सी एवं पियून-सी में पदोन्नति देने की मांग रखी।

बैठक में परमाणु ऊर्जा केंद्रीय विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा विद्यालय प्रबंधन समिति (एलएमसी) में यूनियन प्रतिनिधि को स्थान देने की मांग पर भी चर्चा हुई। महुलडीह यूरेनियम प्रोजेक्ट समेत सभी इकाइयों में कैंटीन व्यवस्था और भोजन की गुणवत्ता में सुधार की आवश्यकता जताई गई। वहीं, नरवापहाड़ और जादूगोड़ा कैंटीन बंद होने पर भी चिंता व्यक्त की गई।

यूनियन ने मेडिकल रिइम्बर्समेंट का अलग से भुगतान, यूनिट लेवल क्लास शुरू करने, जादूगोड़ा-तुरामडीह माइंस की बंद वाशिंग व्यवस्था को चालू करने तथा अस्पताल से संबंधित मामलों में रेफरल सुविधा में सुधार की मांग पर भी चर्चा की। जादूगोड़ा अस्पताल में एक्स-रे फिल्म की उपलब्धता और अस्पताल कर्मियों के लिए कैंटीन सुविधा उपलब्ध कराने का मुद्दा भी उठाया गया।

बैठक में वीआरएस में शामिल बीमारियों की सूची का विस्तार करने, कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सभी इकाइयों में सुविधा केंद्र खोलने तथा प्रतिदिन शाम 7 से 8 बजे तक यूनियन कार्यालय खोलने पर भी विचार किया गया। कर्मचारियों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए लीगल सेल गठित करने की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई।

बैठक में यूनियन महासचिव सुरजीत सिंह के अलावा प्रशांत महतो, जयंत कुमार दास, शरत कुमार साव, खेपया हो, मंगल बांकिरा, सुराई हो, गोविंद कुमार टुडु, मोहम्मद जाकिर हुसैन सहित अन्य यूनियन सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें