14 सितंबर से सजेगा मनोहरपुर का गणेश पूजा मेला, सांसद जोबा मांझी करेंगी उद्घाटन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chaibasa : गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर मनोहरपुर का प्रसिद्ध गणेश पूजा मेला श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार हो गया है। इस वर्ष मेला 14 सितंबर से 27 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। मेले को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है, वहीं बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है।

गणेश पूजा पंडाल को आकर्षक विद्युत सजावट से सजाया गया है। भव्य गणेश प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। पंडाल और आसपास के क्षेत्र में की गई आकर्षक रोशनी और सजावट लोगों का ध्यान खींच रही है।

सांसद जोबा मांझी करेंगी उद्घाटन

आयोजन समिति के संरक्षक रंजीत यादव ने बताया कि मेले के उद्घाटन समारोह को भव्य बनाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गणेश पूजा पंडाल एवं मेले का विधिवत उद्घाटन सिंहभूम की सांसद जोबा मांझी द्वारा किया जाएगा। समारोह में मनोहरपुर विधायक जगत मांझी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

उद्घाटन समारोह के बाद गणेश महोत्सव का विधिवत शुभारंभ होगा और आम श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए पूजा पंडाल का पट खोल दिया जाएगा।

सुरक्षा और सुविधाओं की तैयारी पूरी

आयोजन समिति के अनुसार, मेले के सफल संचालन को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, भीड़ नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को लेकर स्थानीय पुलिस-प्रशासन के साथ समन्वय किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए समिति के वॉलंटियर भी तैनात रहेंगे।

मेले को लेकर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। आयोजन समिति को उम्मीद है कि इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु गणेश पूजा पंडाल और मेले में पहुंचेंगे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.