बिना कोच रीत ने रचा इतिहास, जिला एथलेटिक्स चैंपियनशिप में एक ही दिन जीते दो स्वर्ण

Share करें

✓ Link copy हो गया!

शॉटपुट और हैमर थ्रो में शानदार प्रदर्शन, ओलंपिक में देश के लिए खेलने का है सपना

Adityapur : माझीटोला, निर्मल नगर निवासी कक्षा 10वीं की छात्रा रीत कुमारी ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर खेल जगत में जिले का मान बढ़ाया है। जिला एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रीत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक ही दिन शॉटपुट और हैमर थ्रो की स्पर्धाओं में दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए।

रीत की इस उपलब्धि पर आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार और वार्ड संख्या 14 की पार्षद सुनीता बेरा ने उनके आवास पहुंचकर उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। बेटी की सफलता से पिता रमेश कुमार तिवारी, माता सोनी तिवारी सहित पूरा परिवार गौरवान्वित है। पिता ने कहा कि मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर रीत ने यह मुकाम हासिल किया है। उनकी उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणादायक है।

बिना कोच तीन साल की मेहनत से हासिल की उपलब्धि

रीत ने बताया कि वह आठवीं कक्षा से पिछले करीब तीन वर्षों से एथलेटिक्स का अभ्यास कर रही हैं। जिला चैंपियनशिप में उन्होंने बिना किसी विशेष पूर्व तैयारी के 29 मीटर हैमर थ्रो कर स्वर्ण पदक जीता। हालांकि, उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 32 मीटर है।

रीत ने कहा कि उनका अंतिम लक्ष्य ओलंपिक तक पहुंचना और देश के लिए खेलना है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर प्रतिभाओं के लिए बुनियादी सुविधाओं और पेशेवर प्रशिक्षण की कमी बड़ी चुनौती है।

पेशेवर कोच और बेहतर प्रशिक्षण की जरूरत

रीत के मुताबिक क्षेत्र में ग्राउंड और स्टेडियम जैसी सुविधाएं होने के बावजूद पेशेवर कोच उपलब्ध नहीं है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से बेहतर प्रशिक्षण व्यवस्था तथा विशेषज्ञ कोच उपलब्ध कराने की मांग की। रीत का कहना है कि यदि उन्हें उचित मार्गदर्शन और प्रशिक्षण मिले तो वह भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और राज्य का नाम रोशन कर सकती हैं।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें