Jamshedpur : शिक्षक दिवस के अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता महाबीर मुर्मू के नेतृत्व में किंडरगार्टन स्कूल के संस्थापक सह प्राचार्य बंगाल माझी को शॉल, पेन एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान उनके शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय से किए जा रहे योगदान को सराहा गया।
महाबीर मुर्मू ने कहा कि बंगाल माझी ने ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा का बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वर्ष 1999 में जादूगोड़ा-नारवा में किंडरगार्टन स्कूल की स्थापना की थी। इसके बाद वर्ष 2014 में कीताडीह गांव में स्कूल की दूसरी इकाई स्थापित कर ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की गई। उन्होंने कहा कि बंगाल माझी आज भी क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ रहे विद्यार्थी
बंगाल माझी ने बताया कि विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर पासआउट हुए कई विद्यार्थी कॉलेज से डिग्री हासिल करने के बाद सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदारियों पर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कुछ छात्र-छात्राएं एनआईटी आदित्यपुर में भी उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
उन्होंने समाज को संदेश देते हुए कहा कि मानव संसाधन के विकास में शिक्षा की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। शिक्षा के बिना व्यक्ति और समाज का समग्र विकास अधूरा है। इसलिए समाज के प्रत्येक वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना जरूरी है।
इस अवसर पर धनंजय सिंह, पप्पू उपाध्यक्ष एवं दुर्गा प्रसाद हांसदा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
















