Jamshedpur : शिक्षक दिवस के अवसर पर बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की ओर से शिक्षकों के सम्मान में 6 सितंबर, रविवार को मानगो के डिमना रोड स्थित महेंद्र मैरिज हॉल में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी संघ के सदस्य विकास सिंह ने वार्ता के दौरान दी।
विकास सिंह ने बताया कि संघ की ओर से पिछले छह वर्षों से लगातार शिक्षकों को सम्मानित किया जा रहा है। इस वर्ष भी प्राथमिक, मध्य एवं उच्च विद्यालयों के अलावा इंटर कॉलेज और डिग्री कॉलेज के शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में निजी, अर्धसरकारी और सरकारी शिक्षण संस्थानों से जुड़े शिक्षक शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि शिक्षक से बड़ा ओहदा किसी का नहीं है, इसलिए कार्यक्रम में शिक्षक ही अतिथि होंगे। विकास सिंह ने कहा कि अक्सर बड़े आयोजनों में आर्थिक प्रभाव रखने वाले अथवा आपराधिक छवि वाले लोगों को अतिथि बनाया जाता है, जबकि देश के भविष्य को गढ़ने और संवारने वाले शिक्षक दर्शक बनकर रह जाते हैं। संघ ने इसी सोच को बदलने के उद्देश्य से शिक्षकों को कार्यक्रम का मुख्य अतिथि बनाने का निर्णय लिया है।
पेपर लीक मामले पर होगी गोष्ठी
कार्यक्रम के दौरान हाल में नीट के साथ झारखंड सरकार द्वारा आयोजित विभिन्न परीक्षाओं के कथित पेपर लीक मामलों पर गोष्ठी और परिचर्चा भी आयोजित की जाएगी। इसमें अनुभवी शिक्षक परीक्षा व्यवस्था, शिक्षा प्रणाली और प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखेंगे।
विकास सिंह ने कहा कि शिक्षा के बिना किसी भी क्षेत्र में समुचित विकास संभव नहीं है। इसके बावजूद आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के बाद भी शिक्षा के उत्थान की बात करना देश के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और शिक्षकों को उचित सम्मान देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
वार्ता में विकास सिंह, छोटेलाल सिंह, शंभू शरण सिंह, सविता गोस्वामी और प्रीति बॉस मुख्य रूप से उपस्थित थे।
















