Jamshedpur : सीतगोड़ा बाजार स्थित श्री श्री कांवरिया धाम मंदिर परिसर में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। श्री श्री कांवरिया धाम मंदिर कमेटी की ओर से आयोजित समारोह में पूजा झा की टीम ने भजन संध्या प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान शंकर ग्रुप की ओर से राधा-कृष्ण, सुदामा-वासुदेव, “छोटे-छोटे गैया, छोटे-छोटे ग्वाल” और नंद उत्सव की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं। झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। देर रात तक भजन और सोहर गायन से पूरा मंदिर परिसर भक्तिरस में डूबा रहा।
मध्यरात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही श्रद्धालुओं में उत्साह का संचार हो गया। जन्मोत्सव के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मंदिर कमेटी के अध्यक्ष अरुण सिंह, महासचिव जितेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष सुनील सिंह सहित जैएन चौधरी, उदय सिंह, चंद्रमणि राय, अभय सिंह, राजकिशोर प्रसाद, सत्येंद्र सिंह, रवि राज दुबे, महेंद्र प्रसाद समेत कमेटी के अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

















