Gua: सेल की किरीबुरू माइंस में कर्मचारियों की सुविधाओं, खदान सुरक्षा, ठेका श्रमिकों के अधिकार और नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर बोकारो स्टील वर्कर्स यूनियन (इंटक) के प्रतिनिधिमंडल की सीजीएम माइंस के साथ द्विपक्षीय वार्ता हुई। बैठक में महिला कर्मचारियों के चेंजिंग रूम, संयुक्त सुरक्षा ऑडिट, स्ट्रीट लाइट, एचईएमएम उपकरण, ठेका श्रमिकों की न्यूनतम मजदूरी एवं ईएसआई समेत कई मांगों पर चर्चा हुई।
प्रबंधन की ओर से सीजीएम माइंस पी.एम. शिरपुरकर, महाप्रबंधक (एचआर) अमित कुमार विश्वास और सहायक प्रबंधक (एचआर) प्रवीण मीणा मौजूद रहे। वहीं यूनियन की ओर से इंटक/JGOM के उपाध्यक्ष एन.के. सिंह, जोनल सेक्रेटरी विद्युत सरकार, हरिहर महाकुड़, नारायण सिरका, विकास कुमार पांडे और कोषाध्यक्ष देव कुमार समेत अन्य प्रतिनिधि शामिल हुए।
वार्ता के दौरान महिला कर्मचारियों के लिए चेंजिंग रूम की सुविधा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। प्रबंधन ने बताया कि चेंजिंग रूम का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और दो से चार दिनों के भीतर इसका उद्घाटन कराने का निर्देश दिया गया है। खदान से बंकर तक संयुक्त सुरक्षा ऑडिट कराने पर भी प्रबंधन और यूनियन के बीच सहमति बनी।
बैंकमोड़ से मुर्गापारा तक स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग पर प्रबंधन ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए इसकी मंजूरी की जानकारी दी। वहीं उत्पादन बढ़ाने के लिए नया एक्सकेवेटर उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया गया।
यूनियन प्रतिनिधियों ने ठेका श्रमिकों को न्यूनतम मजदूरी और ईएसआई का लाभ सुनिश्चित करने की मांग रखी। इसके अलावा क्वार्टरों के रखरखाव, अस्पताल में पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता, मरीजों के त्वरित रेफरल, खराब आरएफआईडी कार्ड बदलने तथा इलेक्ट्रिकल विभाग में आवश्यक स्पेयर पार्ट्स उपलब्ध कराने जैसे मुद्दे भी उठाए गए।
यूनियन ने पिट सेफ्टी कमेटी में अपने प्रतिनिधियों को शामिल करने की मांग भी रखी। प्रतिनिधियों ने कहा कि खदान में कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और सुरक्षा से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा आवश्यक है।
बैठक के अंत में यूनियन ने कहा कि प्रबंधन की ओर से दिए गए आश्वासनों के क्रियान्वयन की समय-समय पर समीक्षा की जाएगी। श्रमिक हितों से जुड़े लंबित मुद्दों के समाधान के लिए यूनियन आगे भी प्रबंधन के समक्ष आवाज उठाती रहेगी और आवश्यकता पड़ने पर संघर्ष जारी रखा जाएगा।

















