गोलमुरी चौक पर जनसुरक्षा को लेकर विधायक पूर्णिमा साहू सक्रिय, भूख हड़ताल पर बैठे युवाओं से की मुलाकात

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : गोलमुरी चौक पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और जनसुरक्षा के मुद्दे को लेकर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने रविवार को धरनास्थल पहुंचकर भूख हड़ताल पर बैठे युवाओं से मुलाकात की। पिछले दो दिनों से सड़क पर डिवाइडर निर्माण की मांग को लेकर भूख हड़ताल कर रहे धर्मवीर कुशवाहा से विधायक ने बातचीत कर उनकी मांगों और समस्याओं की जानकारी ली।

विधायक ने युवाओं की मांग को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि लोगों की सुरक्षा और सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनहित से जुड़े मामलों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने धर्मवीर कुशवाहा समेत अन्य युवाओं से भूख हड़ताल समाप्त करने तथा अपनी सकारात्मक ऊर्जा को सामाजिक कार्यों में लगाने की अपील की।

तत्काल बैरिकेडिंग की पहल

मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने मौके से ही पूर्वी सिंहभूम के जिला उपायुक्त और ट्रैफिक डीएसपी से दूरभाष पर बातचीत की। उन्होंने गोलमुरी चौक पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं और डिवाइडर निर्माण की आवश्यकता से अधिकारियों को अवगत कराया।

इसके बाद विधायक ने स्वयं उस स्थल का निरीक्षण किया, जहां डिवाइडर निर्माण की मांग की जा रही है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि स्थायी डिवाइडर निर्माण की प्रक्रिया पूरी होने में समय लग सकता है। ऐसे में तत्काल लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उन्होंने छूटे हुए स्थान से गोलमुरी चौक गोलचक्कर तक बैरिकेडिंग कराने की पहल की।

विधायक के हस्तक्षेप के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित स्थल पर बैरिकेडिंग का काम पूरा कराया। इससे फिलहाल यातायात को व्यवस्थित करने और दुर्घटनाओं की आशंका कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

स्थायी समाधान के लिए डिवाइडर निर्माण पर जोर

विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि की गई बैरिकेडिंग तात्कालिक सुरक्षा व्यवस्था है। समस्या के स्थायी समाधान के लिए जिला उपायुक्त, ट्रैफिक डीएसपी और टाटा स्टील यूआईएसएल प्रबंधन से डिवाइडर निर्माण की आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाने का आग्रह किया गया है।

उन्होंने कहा कि गोलमुरी चौक पर यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर स्थायी समाधान की दिशा में प्रयास किया जाएगा।

मौके पर विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, भाजपा गोलमुरी मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय समेत कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें