जमशेदपुर पुलिस शुरू करेगी WhatsApp शिकायत व्यवस्था, 39 थानों में CCTV से होगी निगरानी

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : आम लोगों की शिकायतों के त्वरित समाधान और पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से पूर्वी सिंहभूम पुलिस जिला स्तर पर WhatsApp आधारित शिकायत व्यवस्था शुरू करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए जल्द ही आधिकारिक WhatsApp नंबर जारी किया जाएगा। नंबर जारी होने के बाद जिले के लोग घर बैठे अपनी शिकायत और समस्या पुलिस तक पहुंचा सकेंगे।

जमशेदपुर के एसएसपी डॉ. एहतशाम वकारिब के अनुसार, WhatsApp के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की निगरानी के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी। ये अधिकारी शिकायतों को संबंधित थाना क्षेत्र तक भेजने के साथ-साथ उस पर होने वाली कार्रवाई की लगातार मॉनिटरिंग करेंगे। शिकायतकर्ता को भी उसके WhatsApp नंबर पर शिकायत पर हुई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

नई व्यवस्था के तहत शिकायत दर्ज होने से लेकर उसके निस्तारण तक पूरी प्रक्रिया का रिकॉर्ड रखा जाएगा। इसके लिए विशेष रजिस्टर में शिकायत और उस पर की गई कार्रवाई का विवरण दर्ज करने की व्यवस्था होगी। पुलिस का मानना है कि इससे शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी।

39 थानों में CCTV से निगरानी

इधर, पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी 39 थानों में CCTV कैमरे लगाए जा रहे हैं। इनके माध्यम से थाना परिसर में आने-जाने वाले लोगों के साथ-साथ संवेदनशील स्थानों पर भी निगरानी रखी जाएगी। किसी अप्रिय घटना या विवाद की स्थिति में CCTV फुटेज महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में उपयोगी साबित हो सकता है।

राज्य हेल्पलाइन के बाद जिला स्तर पर सुविधा

पुलिस मुख्यालय की ओर से वर्ष 2024 में राज्य स्तर पर शिकायत दर्ज कराने के लिए 8809692001 नंबर जारी किया गया था। अब जिला स्तर पर अलग WhatsApp व्यवस्था शुरू होने से स्थानीय शिकायतों को संबंधित थाना एवं अधिकारियों तक तेजी से पहुंचाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

हालांकि, जिला स्तर का आधिकारिक WhatsApp नंबर अभी जारी नहीं किया गया है। नंबर जारी होने के बाद ही आम लोग इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकेंगे। पुलिस की यह पहल डिजिटल पुलिसिंग को मजबूत करने के साथ शिकायतों के त्वरित निस्तारण और पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें