Jamshedpur : सामाजिक सेवा संघ की पहल और प्रेस प्रतिनिधियों के सहयोग से सदर अस्पताल के होमगार्ड जवानों एवं सफाईकर्मियों को रक्षाबंधन से एक दिन पहले 27 अगस्त 2026 को वेतन का भुगतान कर दिया गया। सिविल सर्जन कार्यालय और सरकार के जिला कोषागार के माध्यम से सभी कर्मचारियों के बैंक खातों में वेतन की राशि भेजी गई।
वेतन मिलने के बाद होमगार्ड जवानों और सफाईकर्मियों में खुशी का माहौल रहा। उन्होंने सामाजिक सेवा संघ की टीम के प्रति आभार जताते हुए रक्षाबंधन के अवसर पर टीम के सदस्यों का मुंह मीठा कराया और सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
सामाजिक सेवा संघ के अध्यक्ष सह झामुमो नेता राजेश सामंत ने कहा कि कर्मचारियों को समय पर वेतन मिलना उनका अधिकार है। उन्होंने कहा कि भविष्य में सरकार की ओर से राशि जारी किए जाने के बावजूद यदि होमगार्ड जवानों और सफाईकर्मियों के वेतन में इसी तरह की रुकावट आती है, तो सामाजिक सेवा संघ मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाएगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर सिविल सर्जन कार्यालय और जिला कोषागार के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया जाएगा। संघ ने कहा कि कर्मचारियों के हितों और उनके अधिकारों के लिए संगठन आगे भी आवाज उठाता रहेगा।
इस पहल में सामाजिक सेवा संघ अध्यक्ष राजेश सामंत के साथ उमाशंकर परिहार, छोटे सरदार, शिवलाल लोहरा, रूपम सिंह, जितेंद्र ठाकुर, सुधांशु कुमार समेत अन्य सदस्यों का सहयोग रहा।
















