मृतक तुषार को न्याय दिलाने के लिए आमरण अनशन करेंगे विकास सिंह

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : सोनारी के झाबरी बस्ती निवासी तुषार खमारी की मौत के मामले में न्याय की मांग तेज हो गई है। भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह ने मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने और गोलमुरी स्थित पेट्रोल पंप के मालिक तथा सीएनजी विक्रेता के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द न्यायसंगत कार्रवाई नहीं हुई तो वह मृतक के परिजनों के साथ उपायुक्त कार्यालय के समक्ष आमरण अनशन पर बैठेंगे।

विकास सिंह ने कहा कि तुषार खमारी उनके द्वारा आयोजित कांवर यात्रा से भी जुड़ा हुआ था। झाबरी बस्ती स्थित जिस मकान में तुषार अपने परिवार के साथ रहता था, वहां रहने वाले उसके नाते-रिश्तेदार प्रत्येक वर्ष बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की ओर से आयोजित निशुल्क कांवर यात्रा में शामिल होते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि सीएनजी की सप्लाई के दौरान पाइप का फट जाना पेट्रोल पंप के उपकरणों के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उनका कहना है कि यदि समय-समय पर उपकरणों की जांच और आवश्यक रखरखाव किया गया होता तो संभवतः यह हादसा टाला जा सकता था। इस कथित लापरवाही ने एक परिवार को उजाड़ दिया।

विकास सिंह ने कहा कि पेट्रोल पंप मालिक यह न समझें कि तुषार कमजोर तबके से आने वाला सिर्फ एक मजदूर था। उन्होंने कहा कि तुषार के परिवार के साथ वह और उनके समर्थक मजबूती से खड़े रहेंगे तथा न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।

उन्होंने जमशेदपुर के उपायुक्त से मामले में सीधे हस्तक्षेप करते हुए मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उपायुक्त कार्यालय के समक्ष आमरण अनशन किया जाएगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें