मनोहरपुर। कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के तत्वावधान में मनोहरपुर एवं आनंदपुर प्रखंड के सभी प्रज्ञा केंद्र संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीएससी डीजीएम, झारखंड शशि शंकर शुक्ला एवं रवि कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान शशि शंकर शुक्ला ने सीएससी के माध्यम से वर्तमान समय में उपलब्ध विभिन्न सेवाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्रज्ञा केंद्र संचालकों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान की दिशा में आवश्यक पहल का भरोसा दिया। साथ ही फर्जीवाड़े से बचते हुए पारदर्शिता के साथ आम लोगों को बेहतर और विश्वसनीय सेवाएं उपलब्ध कराने की अपील की।
एजुकेशन स्पोक के राज्य प्रबंधक रवि कुमार ने सीएससी के माध्यम से उपलब्ध शिक्षा एवं कानूनी सलाह से जुड़ी सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सीएससी के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थी एवं अभिभावक प्रज्ञा केंद्रों पर पंजीकरण कराकर कम शुल्क में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और पाठ्यक्रमों की तैयारी कर सकते हैं। साथ ही सुईनी एवं मंगलायतन जैसे विश्वविद्यालयों के माध्यम से ऑनलाइन उच्च शिक्षा और डिग्री प्राप्त करने की सुविधा भी उपलब्ध होने की जानकारी दी गई।
बैठक में टेली-लॉ सेवा के बारे में भी जानकारी दी गई। इसके माध्यम से जरूरतमंद ग्रामीण घर बैठे या नजदीकी प्रज्ञा केंद्र के माध्यम से विशेषज्ञों से कानूनी सलाह प्राप्त कर सकते हैं।
बैठक का उद्देश्य प्रज्ञा केंद्र संचालकों को सीएससी की नई एवं वर्तमान सेवाओं से अवगत कराना, उनकी समस्याओं पर चर्चा करना तथा ग्रामीण जनता को अधिक से अधिक गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रबंधक सरफराज, देवेश कांत, उमेश अग्रवाल सहित मनोहरपुर एवं आनंदपुर प्रखंड के बड़ी संख्या में प्रज्ञा केंद्र संचालक उपस्थित रहे।
















