सरायकेला। चांडिल-मुरी रेलखंड पर झिमरी और हेसालोंग रेलवे स्टेशन के बीच करारगामा गांव के समीप रेलवे अंडरपास के पास गुरुवार को ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान नीमडीह थाना क्षेत्र के हाइतिरूल गांव निवासी चैतन सिंह मुंडा उर्फ गुजरु के रूप में हुई है। बताया गया कि वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी मां विधवा हैं। चैतन बाहर रहकर काम करता था और कुछ दिन पहले ही गांव लौटा था।
घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने रेलवे पुलिस और नीमडीह थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक किस ट्रेन की चपेट में आया और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है तथा शव के पोस्टमार्टम की तैयारी की जा रही है।
इधर, युवक की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।

















