Chaibasa : कोल्हान पत्रकार एकता मंच की मंगलवार को चाईबासा स्थित आदिवासी कला-सांस्कृतिक भवन में महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में कोल्हान प्रमंडल के विभिन्न प्रखंडों से जुड़े पत्रकारों ने हिस्सा लिया। इस दौरान संगठन से जुड़ने वाले नए पत्रकारों का गमछा ओढ़ाकर स्वागत किया गया तथा संगठन को पंचायत और प्रखंड स्तर तक मजबूत करने के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में पत्रकारों के अधिकार, हित और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। पत्रकारों ने कार्य के दौरान आने वाली चुनौतियों, उनके अधिकारों और समस्याओं के समाधान के लिए संगठन की भूमिका को लेकर विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण सेतु का काम करते हैं। ऐसे में उनके हितों और सुविधाओं की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।
बैठक के बाद मंच का प्रतिनिधिमंडल चाईबासा समाहरणालय पहुंचा और उपायुक्त को पत्रकार हित से संबंधित विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने पत्रकारों की समस्याओं और सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को उपायुक्त के समक्ष रखा। उपायुक्त ने मामलों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक पहल और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इसके बाद संगठन के सदस्य चाईबासा स्थित विद्या आश्रम पहुंचे। यहां बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया गया। इस दौरान बुजुर्ग माताओं को साड़ी भेंट कर सम्मानित किया गया। संगठन के सदस्यों ने कहा कि पत्रकारिता का दायरा केवल खबरों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के जरूरतमंद लोगों के साथ खड़ा होना भी पत्रकारों की सामाजिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात हुई। क्षेत्र की जनसमस्याओं, मूलभूत सुविधाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने में मंच से सहयोग की अपेक्षा जताई।
कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक भोजन का आयोजन किया गया। पूरे आयोजन में पत्रकारों की एकजुटता, पत्रकार हितों की आवाज को मजबूती देने और सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश सामने आया।
बैठक में अध्यक्ष रासबिहारी मंडल, महासचिव सुनील पांडे, संरक्षक गोविंदा पति, राजेश ठाकुर, उपाध्यक्ष मोहम्मद शहजाद खान, सह प्रभारी रविकांत गोप, आईटी सेल प्रभारी दीपक महतो, पूर्वी सिंहभूम जिला सह प्रभारी गुणधार गोप, कामदेव कुमार, दिनेश मुदी, राकेश पात्रो, पश्चिम सिंहभूम प्रभारी प्रकाश कुमार गुप्ता, शिवलाल शर्मा, बलराम पांडा, ब्रजकिशोर ठाकुर, मनोरंजन सिंहा समेत बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

















