गुवा। सारंडा क्षेत्र के करमपदा स्कूल परिसर में 24 अगस्त को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर आयोजित जनसुनवाई में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। SIR के तहत नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाता सुबह से देर शाम तक जरूरी दस्तावेजों के साथ जनसुनवाई स्थल पर पहुंचे और मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित कराने के लिए प्रक्रिया पूरी कराते नजर आए।
करमपदा समेत आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और अन्य ग्रामीण स्कूल परिसर पहुंचे। दस्तावेजों की जांच के दौरान कई लोगों के कागजात में छोटी-बड़ी त्रुटियां सामने आईं, जिन्हें मौके पर ही दूर कराने का प्रयास किया गया। ग्रामीणों में अपने मताधिकार को सुरक्षित रखने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
जनसुनवाई की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि प्रखंड विकास पदाधिकारी पप्पू रजक सुबह से रात करीब 9 बजे तक करमपदा स्कूल परिसर में मौजूद रहे। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित कर्मियों के साथ समन्वय कर दस्तावेजों से जुड़ी परेशानियों के समाधान में सहयोग किया।
बीडीओ ने ग्रामीणों से SIR प्रक्रिया को गंभीरता से लेने और आवश्यक दस्तावेज निर्धारित समय पर उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी परेशानी में घबराने की जरूरत नहीं है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत दस्तावेजों में त्रुटियों को दूर कराने का प्रयास किया जाएगा।
जनसुनवाई की शुरुआत ग्रामीणों द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाज से अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। बीडीओ पप्पू रजक, मुखिया सहित अन्य अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। इसके बाद बीडीओ ने ग्रामीणों को SIR प्रक्रिया की जानकारी दी।
जनसुनवाई में BLO सुमती देवी और कुन्ती लागूरी ने ग्रामीणों की प्रक्रिया पूरी कराने में सहयोग किया। वहीं वार्ड सदस्य सावित्री कोड़ा और देवधारी कुमार भी ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान में जुटे रहे।
मौके पर मुखिया लिपि मुंडा, मुखिया पार्वती कीड़ो, सोनू सिरका सहित कई जनप्रतिनिधि, ग्रामीण तथा करमपदा स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। देर शाम तक चली जनसुनवाई से ग्रामीणों में यह भरोसा बढ़ा कि पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने को लेकर प्रशासन गंभीरता से काम कर रहा है।
















