Jamshedpur :बोड़ाम प्रखंड के लाउजोड़ा गांव में बुधवार, 20 अगस्त 2026 को आयोजित एक दिवसीय रक्तदान शिविर में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में कुल 106 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया।
शिविर का आयोजन जल ज्योति फाउंडेशन ट्रस्ट, KSBS एवं पटमदा-बोड़ाम जन सेवा संघ के संयुक्त प्रयास से किया गया। इसका उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
मुख्य आयोजक दीपक रंजीत ने कहा कि 106 लोगों का रक्तदान करना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी अनजान व्यक्ति का जीवन बचाने वाला महान मानवीय कार्य है।
लाउजोड़ा में शिविर के मुख्य आयोजक मनोहर महतो ने कहा कि ग्रामीणों ने एकजुट होकर सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण पेश किया है। उन्होंने सभी रक्तदाताओं का आभार जताते हुए भविष्य में भी जनहित के कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
वहीं, KSBS के स्वपन महतो ने कहा कि रक्त की आवश्यकता किसी को भी कभी भी पड़ सकती है। इसलिए नियमित स्वैच्छिक रक्तदान को सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं से रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर कर इस मानवीय अभियान से जुड़ने की अपील की।
आयोजकों ने रक्तदाताओं, स्वास्थ्यकर्मियों, स्वयंसेवकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।

















